अब देश में रात को भी विशाल ध्वजदंड पर फहराया जा सकेगा राष्ट्रीय ध्वज






सांसद श्री नवीन जिंदल ने रचा एक और इतिहास
अब देश में रात को भी विशाल ध्वजदंड पर फहराया जा सकेगा राष्ट्रीय ध्वज

 


गृह मंत्रालय ने श्री जिंदल के प्रस्ताव को दी अनुमतिनई दिल्ली, दिसंबर 23, 2009। सांसद श्री नवीन जिंदल ने फिर इतिहास रच दिया जब 22 दिसंबर 2009 को गृह मंत्रालय ने श्री जिंदल के देश में राष्ट्रीय ध्वज रात को भी विशाल ध्वज दंड पर फहराने के प्रस्ताव को दी अनुमति दे दी।

जून 2009 में गृह मंत्रालय को लिखे गए पत्र में श्री जिंदल ने यह अनुमति मांगी थी कि देश में रात को भी विशाल ध्वज दंड पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा सके। विश्व के विभिन्न देशों जेसे मलेशिया, जार्डन, आबुधाबी, उत्त्री कोरिया, ब्राज़ील, मैक्सिको व तुर्कमेनिस्मान का हवाला देते हुए कहा था कि इन देशों में विशाल घ्वज दंडों पर रात में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है।

गत 22 दिसंबर 2009 को गृह मंत्रालय ने अपने जवाब में श्री जिंदल को सूचित करते हुए कहा कि उनके प्र्रस्ताव पर गंभीर विचार करने के पश्चात् गृह मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है कि अब से देश में राष्ट्रीय ध्वज रात को भी विशाल ध्वज दंड पर फहराया जा सकेगा।

श्री नवीन जिंदल, सांसद ने कैथल और लाड़वा (कुरूक्षेत्र), हिसार व कुरूक्षेत्र में देश के सबसे ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज को फहराया है। यह राष्ट्रीय ध्वज 206 फुट ऊंचा है और इसकी चैड़ाई 48 फुट एवं लंबाई 72 फुट है। राष्ट्रीय ध्वज का कुल वजन 40 किलोग्राम है।

श्री जिंदल द्वारा लड़ी गई एक दशक की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया था जिसमें कहा गया था कि देश के प्रत्येक नागरिक को आदर, प्रतिष्ठा एवं सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार है और इस प्रकार यह प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार बना है। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद केंद्रिय मंत्रीमंडल ने फ्लैग कोड में संशोघन किया था।

माननीय सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से प्रेरणा पाते हुए श्री नवीन जिंदल ने ‘फ्लैग फाउंडेशन आॅफ इंडिया’ की स्थापना की जिसके माध्यम से वह देश के प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के साथ जोड़ना और अत्यधिक गर्व की भावना के साथ अधिकाधिक भारतीयों के बीच तिरंगे के प्रदर्शन को लोकप्रिय बनाना चाहते हैं। फ्लैग फाउंडेशन आज के युवा वर्ग का तिंरगे के साथ एक नाता बनाने का एक निष्ठावान प्रयास है ताकि यह हमारे स्वतंत्रता संग्राम का एक शक्तिशाली प्रतीक बने और असंख्य भारतीयों के लिए प्रेरणा का एक महान स्रोत बने जो पूरी दुनिया में फैले हुए हैं और देश को सम्मान दिलवा रहे हैं भले वे किसी भी क्षेत्र में हों।

आज का भारत युवाओं का देश है, आज 75%से अधिक व्यक्ति 40 साल से कम उम्र के हैं, जीवन के सबसे उपार्जक साल जहां व्यक्ति अपने सपनों को हकीकत में बदल सकता है। युवाओं की शक्ति को समझते हुए श्री नवीन जिंदल ने, जो खुद एक युवा हैं, राष्ट्र के युवाओं के लिए एक जन आंदोलन आरंभ किया है जो ”युवा हिंदुस्तानी“ कहलाता है। यह क्रांतिकारी आंदोलन तेजस्वी युवाओं को एक साथ इकट्ठा करना है और इसका ध्येय भारत एवं उसके लोगों को गौरवान्वित, सुखी एवं समृद्ध बनाने के लिए परिवर्तन का माध्यम बनना है।

अधिक जानकारी के लिए, कृपया संपर्क करें: विवेक शर्मा / 9818552437


एक और हजार का फर्क



एक और हजार का फर्क
डा. वेदप्रताप वैदिक





भारत में गरीब होने का अर्थ जैसा है, वैसा शायद दुनिया में कहीं नही है| भारत में जिसकी आय 20 रू. से कम है, सिर्फ वही गरीब है| बाकी सब ? यदि सरकार और हमारे अर्थशास्त्रियों की मानें तो बाकी सब अमीर हैं| 25 रू. रोज़ से 25 लाख रू. रोज तक कमानेवाले सभी एक श्रेणी में हैं| इससे बड़ा मज़ाक क्या हो सकता है ? ये लोग गरीबी की रेखा के उपर हैं| जो नीचे हैं, उनकी संख्या भी तेंदुलकर-कमेटी के अनुसार 37 करोड़ 20 लाख हैं| ये 37 करोड़ लोग, हम ज़रा सोचें, 20 रू. रोज़ में क्या-क्या कर सकते हैं ? अगर कोई इन्सान इन्सान की तरह नहीं, जानवर की तरह भी रहना चाहे तो उसे कम से कम क्या-क्या चाहिए? रोटी, कपड़ा और मकान तो चाहिए ही चाहिए| बीमार पड़ने पर दवा भी चाहिए| और अगर मिल सके तो अपने बच्चों के लिए शिक्षा भी चाहिए| क्या 20 रू. रोज में आज कोई व्यक्ति अपना पेट भी भर सकता है ? आजकल गाय और भैंस 20 रू. से ज्यादा की घास खा जाती हैं| क्या हमें पता है कि देश के करोड़ों वनवासी ऐसे भी हैं, जिन्हें गेहूँ  और चावल भी नसीब नहीं होते| इस देश के जानवर शायद भरपेट खाते हों लेकिन इन्सान तो भूखे ही सोते हैं| वे इसलिए भी भूखे सोते हैं कि वे इन्सान हैं| वे एक-दूसरे का भोजन छीनते-छपटते नहीं| गरीब परिवारों में कभी बाप भूखा सोता है तो कभी मॉं और कभी-कभी बच्चों को भी अपने पेट पर पट्रटी बाँधनी  होती है| जहाँ तक कपड़ों और मकान का सवाल है, भोजन के मुकाबले उनका महत्व नणण्य है| किसी तरह तन ढक जाए और रात को लेटने की जगह मिल जाए, इतना काफी है| ऐसे 37 करोड़ लोगों का देश दुनिया में कोई और नहीं है| दुनिया के सबसे ज्यादा गरीब लोग अगर कहीं रहते हैं तो भारत में ही रहते हैं|


यह तो सरकारी आंकड़ा है लेकिन असलियत क्या है ? असलियत का अंदाज तो सेनगुप्ता-कमेटी की रपट से मिलता है| उसके अनुसार भारत के लगभग 80 करोड़ लोग 20 रू. रोज़ पर गुजारा करते हैं| यहाँ  तेंदुलकर-रपट सिर के बल खड़ी है| किसे सही माना जाए ? तेंदुलकर को या सेनगुप्ता को ? भारत का तथाकथित मध्यम-वर्ग यदि 25-30 करोड़ लोगों का है तो शेष 80 करोड़ लोग आखिर किस वर्ग में होंगे ? उन्हें निम्न या निम्न-मध्यम वर्ग ही तो कहेंगे| उनकी दशा क्या है ? क्या वे इंसानों की जिंदगी जी रहे हैं ? उनकी जिदंगी जानवरों से भी बदतर है| वे गरीबी नहीं, गुलामी का जीवन जी रहे हैं| वे लोग कौन हैं ?
 
 

ये वे लोग हैं, जो गावों में रहते हैं, शारीरिक श्रम करते हैं, पिछड़ी और अस्पृश्य जातियों के हैं, शहरों में मजदूरी करते हैं, शिक्षा और चिकित्सा से वंचित हैं और जिन्हें सिर्फ पेट भरने, तन ढकने और सोने की सुविधा है| इन्हें वोट का अधिकार तो है लेकिन पेट का अधिकार नहीं है| यह भारत है| यह भूखा और नंगा है| और वह इंडिया है| उसमें वही 25-30 करोड़ लोग रहते हैं| ये नागरिक हैं, सभ्य हैं, स्वामी हैं| कौन हैं, ये लोग ? ये शहरी हैं, ऊँची जातियों के हैं, अंग्रेजीदाँ हैं| राजनीति, व्यापार और ऊँची नौकरियों पर इन्हीं का कब्जा है| इन्हीं के लिए चिकनी-चिकनी सड़कें, रेल, हवाई जहाज, कारें बनती हैं| बड़े-बड़े स्कूल, अस्पताल और कालोनियाँ  खड़ी की जाती हैं| इनका संसार अपना है और अलग है| यही वर्ग तय करता है कि गरीबी क्या है और गरीबी कैसे हटाई जाए ? इसीलिए यह फतवा जारी कर देता है कि जो 20 रू. से ज्यादा कमाता है, वह गरीब नहीं है और जो गरीब नहीं है, वह चिल्लाए क्यों और उसके लिए कुछ खास क्यों किया जाए ? याने देश के 80 करोड़ लोगों के बारे में विशेष चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि ये लोग गरीबी की रेखा के उपर हैं| जिन 37 करोड़ लोगों की चिंता है, उनकी गरीबी दूर करने के प्रयास जरूर होते हैं लेकिन वे सतही और तात्कालिक होते हैं और उनमें से ज्यादातर भ्रष्टाचार की बलि चढ़ जाते हैं| सस्ते राशन और 'नरेगा' (ग्रामीण रोजगार) से क्या वाकई गरीबी हटाई जा सकती है ? ये काम भी यदि ईमानदारी से किए जाएँ तो थोड़ी देर के लिए गरीबी हटती जरूर है लेकिन वह मिटती बिल्कुल भी नहीं| उसकी जड़ पर प्रहार होना तो बहुत दूर की बात है| सरकारी प्रयास तो उसकी जड़ को छूते तक नहीं|


हमारी सरकारों ने गरीबी की जड़ उखाड़ने की बात कभी सोची ही नहीं| हजारों बरस से चली आ रही हमारी गरीबी का मूल कारण जातिवाद है| कुछ जातियाँ दिमाग का काम करेंगी और कुछ हाथ -पाँव  का ! दिमागवाली जातियाँ  मलाई खाएँगी  और हाथ-पाँववाली जूठन ! इस तिकड़म को बरकरार रखने के लिए हमने सूत्र यह चलाया कि दिमागी काम की क़ीमत ज्यादा और शारीरिक काम की क़ीमत कम ! कुर्सीतोड़ काम महत्वपूर्ण और हाथ-तोड़ काम महत्वहीन ! ऊँची जातियाँ  शहरी लोगों और अंग्रेजीदानों ने कुर्सीतोड़ काम पकड लिए और ग्रामीणों, पिछड़ी जातियों और गरीबों ने हाड़-तोड़ काम ! यहीं इंडिया और भारत की खाई खड़ी हो गई| यह खाई तभी पटेगी, जब दिमागी और जिस्मानी कामों में चला आ रहा जमीन-आसमान का अंतर खत्म होगा| आज तो एक और हजारों का अंतर है| मजदूर को 100 रू0 रोज मिलते हैं तो कंपनी बॉस को लाखों रू. रोज़ ! यह अंतर एक और 10 का करने की हिम्मत जिस सरकार की होगी, वह गरीबी की जड़ पर पहला प्रहार करेगी| इसी प्रकार देश में से दो प्रकार की शिक्षा और दो प्रकार की चिकित्सा का तुरंत खात्मा होना चाहिए| यदि अंग्रेजी की अनिवार्यता नौकरियों और शिक्षा से एक दम हट जाए तो गरीबों के बच्चों को अपना जौहर दिखाने का सच्चा मौका मिलेगा| आरक्षण, बेगारी भत्ता (ग्रामीण रोजगार), सस्ता अनाज आदि की अपमानजनक मेहरबानियाँ अपने आप अनावश्यक हो जाएँगी, अगर शिक्षा के बंद दरवाजे खोल दिए जाएँ| किताबें रटाने की बजाय बच्चों को काम-धंधे सिखाए जाएँ, छोटे-छोटे कर्जे़ देकर काम-धंधे खुलवाए जाएँ और अमीरों और नेताओं के अंधाधुंध खर्चों पर रोक लगाई जाए तो गरीबी कितने दिन टिकेगी ? हमारी सरकारें आमदनी पर तो टैक्स लगाती है, लेकिन खर्चों पर कोई सीधा टैक्स नहीं है| इसकी वजह से समाज में जबर्दस्त प्रतिस्पर्द्घा और भोगवाद को बढ़ावा मिलता है| लोग बचत करने की बजाय भ्रष्टाचार करने पर उतारू हो जाते है| यदि खर्च की सीमा बाँधी  जाए तो सामाजिक विषमता अपने आप घटेगी| गरीब को गरीबी उतनी नहीं चुभेगी| गरीबी अपने आप में ही अभिशाप है| जब तक उसे दूर नहीं किया जाता, लोकतंत्र और आर्थिक प्रगति कोरे दिखावे से ज्यादा कुछ नहीं हैं|



ए-19 प्रेस एन्क्लेव नई दिल्ली-17-फोन-2686-7700, 2651-7295

ब्रह्माण्ड के खुलते रहस्य (३) : मौलिक-विज्ञानलेखन

 साप्ताहिक स्तम्भ


गतांक से आगे

ब्रह्माण्ड के खुलते रहस्य (३)
(स्थाई दशा एवं प्रसारी सिद्धान्त)
विश्वमोहन तिवारी (पूर्व एयर वाइस मार्शल)



स्थायी दशा सिद्धान्त (स्टडी स्टेट थ्योरी)

तीसरे दशक के बाद अनेक वैज्ञानिक, जिनके मन को यह प्रसारी ब्रह्माण्ड नहीं भा रहा था, यह प्रश्न कर रहे थे कि यदि ब्रह्माण्ड का प्रारंभ हुआ था, तब उस क्षण के पहले क्या स्थिति थी? अत्यन्त विशाल ब्रह्माण्ड एक अत्यन्त सूक्ष्म बिन्दु में कैसे संकेन्द्रित हो सकता है? उस बिन्दु में समाहित पदार्थ का विस्फोट क्यों हुआ? उतना अकल्पनीय पदार्थ कहां से आ गया? और प्रसार या विस्तार के बाद ब्रह्माण्ड का अन्त क्या होगा? इनमें से कुछ प्रश्न तो मुख्यतया विज्ञान के प्रश्न नहीं वरन दर्शन विषय के प्रश्न हैं, अर्थात यह दर्शाता है कि वैज्ञानिक भी कभी कभी प्रत्यक्ष की तुलना में दार्शनिक अवधारणाओं को अधिक महत्व देते हैं। अस्तु! तीन वैज्ञानिकों गोल्ड, बान्डी तथा हॉयल ने 1948 में एक संवर्धित सिद्धान्त प्रस्तुत किया – ‘स्थायी दशा सिद्धान्त’। अथार्त यह ब्रह्माण्ड प्रत्येक काल में तथा हर दिशा में एक-सा ही रहता है, उसमें परिवर्तन नहीं होता। इस तरह उपरोक्त प्रश्नों को निरस्त्र कर दिया गया। क्योंकि इस सिद्धान्त के तहत ब्रह्माण्ड अनादि तथा अनन्त माना गया है। इसलिये इसमें न तो प्रारम्भ का प्रश्न है और न अन्त का। किन्तु प्रसारण तो तथ्य है, इसके कारण उत्पन्न विषमता को कैसे बराबर किया जा सकता है? ऐसे स्थायी ब्रह्माण्ड में मन्दाकिनियों के प्रसारण के कारण पदार्थ के वितरण में अन्तर अवश्य आएगा, क्योंकि प्रसार के केन्द्र में शून्य बनेगा, और् ज्यों‌ज्यों दूरियां बढेंगी, घनत्व कम होगा। इस आरोप से बचने के लिये उन्होंने घोषणा की कि ऐसे केन्द्र पर ऊर्जा स्वयं पदार्थ में बदल जाएगी और वह पदार्थों के लिये एक फव्वारे की तरह स्रोत बन जाएगा जो पदार्थ वितरण की एकरूपता को बनाकर रखेगा। यह अवधारणा भी अनेकों प्रश्न पैदा करती है। उस स्थान पर अत्यधिक मात्रा में ऊर्जा कैसे आएगी, और अनन्तकाल तक कैसे आती रहेगी। ऐसे प्रश्नों को उन्होंने व्यर्थ तथा निरर्थक प्रश्न कहकर टाल दिया। और लगभग दस वर्ष तक यह सिद्धान्त अनेक वैज्ञानिकों में मान्य रहा क्योंकि इस सिद्धान्त ने ब्रह्माण्ड में हाइड्रोजन तथा हीलियम के बाहुल्य को, सुपरनोवा की कार्यप्रणाली के द्वारा समझाया था जिसे मूल प्रसारी सिद्धान्त नहीं समझा पाया था। इसे जार्ज गैमो ने बाद में क्वाण्टम सिद्धान्त के आधार पर ‘प्रसारी सिद्धान्त’ के तहत सिद्ध किया : प्रथम तीन मिनिटों में ड्यूटीरियम, तथा हीलियम एवं लिथियम के आइसोटोप घोषित अनुपात में बन गये थे। ‘स्थायी दशा सिद्धान्त’ को 1941 में घोषित किये गये व्हीलर तथा फाइनमान के एक अनोखे सिद्धान्त से भी बल मिला। इस सिद्धान्त में गणितीय सूत्रों के आधार पर यह माना गया कि समय पीछे की ओर भी चल सकता है, अर्थात भविष्य से भूतकाल की ओर चल सकता है। यह ब्रह्माण्ड के समय में समांग (सिमिट्रिक) होने की पुष्टि करता है। किन्तु अवलोकनों से प्राप्त तथ्यों के द्वारा स्थायी दशा सिद्धान्त के लिये कठिनाइयां उत्पन्न होती गईं। उनमें से एक है ‘रेडियो स्रोतों’ का अधिक दूरियों, अथार्त प्रारंभिक अवस्था में आज की अपेक्षा आधिक्य, अथार्त ब्रह्माण्ड की दशा में समय या दूरी के आधार पर अन्तर का होना, स्थाई न होना। 1966 में क्वेसारों की खोज हुई। क्वेसार परिमाण में छोटे किन्तु दीप्ति में बहुत तेज पिण्ड होते हैं, और ये केवल अधिक दूरी पर ही मिलते हैं। अथार्त कुछ सैकड़ों करोड़ों वर्ष पूर्व ब्रह्माण्ड की दशा बहुत भिन्न थी। और भी कि पृष्ठभूमिक सूक्ष्मतरंग विकिरण का तापक्रम प्रारम्भ से ही बदलता आया है।


पृष्ठभूमिक सूक्ष्मतरंग विकिरण

1965 में ब्रह्माण्ड में ‘पृष्ठभूमिक सूक्ष्मतरंग विकिरण’ (पृ सू वि) (बैकग्राउण्ड माइक्रोवेव रेडियेशन) की खोज हुई। पृ सू वि की खोज करने वाले दो वैज्ञानिकों पैन्जियास तथा विल्सन को 1978 में नोबेल पुरस्कार मिला, हालां कि मजे की बात यह है कि वे इनकी खोज ही‌ नहीं कर रहे थे। प्रसारी सिद्धान्त के अनुसार प्रारंभ में जब पदार्थ के सूक्ष्मतम तथा घनतम बिन्दु (अंड) का विस्फोट हुआ था, उस समय जो विकिरण हुए थे, सारे ब्रह्माण्ड में उनके अवशेष होना चाहिये। उन्हीं अवशेषों की एक पृष्ठभूमि की तरह उपस्थिति की खोज हुई। चूँकि यह सूक्ष्मतरंग विकिरण सभी दिशाओं में समान रूप से उपस्थित मिलता है, इसका नाम ‘पृष्ठभूमिक सूक्ष्म तरंग विकिरण’ रखा गया। यह प्रसारी सिद्धान्त का एक अकाट्य प्रमाण स्थापित हुआ और अधिकांश विद्वानों ने स्थायी दशा सिद्धान्त के बरअक्स ब्रह्माण्ड के विकास का प्रसारी सिद्धान्त स्वीकार किया। प्रसार का एक और प्रमाण महत्वपूर्ण है। पुणे स्थित खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी के अन्तर–विश्वविद्यालय केन्द्र के डा रघुनाथन. श्री आनन्द ने अपने साथियों के साथ एक क्वेसार से निकले प्रकाश का अध्ययन किया। उस समय ब्रह्माण्ड की आयु आज की आयु का पंचमांश थी। उस प्रकाश ने काबर्न के एक अणु को उद्दीप्त किया। इस उद्दीप्त कार्बन के अणु से विकिरित प्रकाश को उन्होंने पकड़ा जिससे उन्हें ज्ञात हुआ कि उस कार्बन का तापक्रम परमशून्य से 6 से 14 अंश कैल्विन अधिक था। आज तो ब्रह्माण्ड का तापक्रम 3 कैल्विन से भी कम है। यह न केवल दर्शाता है कि महाविस्फोट के पश्चात ब्रह्माण्ड का तापक्रम कम होता जा रहा है, वरन यह भी कि यह अन्तर प्रसारी सिद्धान्त के अनुकूल सही मात्रा में भी है, न कि स्थाई दशा के अनुसार अपरिवर्तनशील है।



ब्रह्माण्ड का विकास

प्रसारी सिद्धान्त के अनुसार ब्रह्माण्ड का विकास कैसे होता है। इस सिद्धान्त के निर्माण के लिये कुछ मूलभूत मान्यताओं से प्रारम्भ करते हैं; कि एड्विन हबल के अभिरक्त (अवरक्त या इन्फ़्रारेड) विस्थापन के अवलोकनों के आधार पर ब्रह्माण्ड का प्रसार हो रहा है, तथा दूरी के अनुपात में तीव्रतर होता जाता है। प्रसारी सिद्धान्त के यह दो –अवरक्त विस्थापन तथा प्रसार – वे आधार स्तम्भ हैं जिन पर प्रसारी सिद्धान्त खड़ा है। यह दो स्तम्भ स्वयं अन्य दो मान्यताओं के स्तंभ पर खड़े हैं कि ब्रह्माण्ड विशाल अर्थ में समांगी (होमोजीनियस – समान पदार्थों का समान वितरण) तथा समदैशिक (आइसोट्रोपिक -सभी दिशाओं में एक सा फ़ैलाव) है। तथा यह स्थिति न केवल आज है वरन विस्फोट की अवधि में भी थी। इसमें तथा स्थायी दशा सिद्धान्त की मान्यताओं में जो मुख्य अन्तर है वह यह कि प्रसारी सिद्धान्त के अनुसार ‘दिक्काल’ में ब्रह्माण्ड परिवर्तनीय है जबकि ‘स्थायीदशा’ में ‘दिक्काल’ में भी अपरिवर्तनीय है। इन सिद्धान्तों पर 1922 रूसी गणितज्ञ अलेक्सान्द्र फ्रीडमान ने कुछ गणितीय सूत्रों का निर्माण किया था जिनके द्वारा प्रसारी ब्रह्माण्ड की व्याख्या की जा सकती है। 1927 में बेल्जियन वैज्ञानिक ल मेत्र ने इन सूत्रों के आधार पर उस मूल क्षण का आकलन किया जब उस “आद्य अणु” (ब्रह्म–अण्ड) ने विस्फोट कर प्रसार प्रारंभ किया था और अणु, मन्दाकिनियां तथा तारों आदि का निर्माण प्रारंभ हुआ था। इस ‘महाविस्फोट’ (यह नाम मजाक में फ्रैड हॉयल ने दिया था) के सिद्धान्त को ‘फ्रीडमान–ल मेत्र’ सिद्धान्त कहते हैं।


मूलभूत बल


ब्रह्माण्ड में केवल चार बल हैं जो मूलभूत माने जाते हैं – गुरुत्वाकर्षण, विद्युत चुम्बकीय, दुर्बल एवं सशक्त नाभिक बल। विद्युतचुम्बकीय बल विद्युत, चुम्बकत्व तथा विद्युतचुम्बकीय विकिरण पर नियंत्रण रखता है। दुर्बल नाभिक बल अत्यंत कम दूरियों पर ही प्रभावी होता है तथा रेडियो एक्टिव क्षय का नियंत्रण करता है। सशक्त नाभिक बल नाभिक में प्रोटानों तथा न्यूट्रानों को बाँधकर रखता है। आइन्स्टाइन ने व्यापक आपेक्षिकी सिद्धान्त के उपरान्त शेष जीवन मुख्यतया इन्हीं चारों बलों को मूलरूप से एक ही सिद्ध करने के प्रयास में लगाया था, जिसे 'एकीकृत क्षेत्र सिद्धान्त' कहते हैं। (ऐसी अवधारणा भी मुण्डक उपनिषद में मिलती है - 'वह क्या है जिसे जानने से यह सब जाना जाता है?') आज कल मूलभूत बलों की संख्या, सिद्धान्तत: तीन ही रह गई है, विद्युत चुम्बकीय तथा दुबर्ल नाभिक बलों में सिद्धान्तत: एकता स्थापित की जा चुकी है। यह चारों बल मूल ब्रह्म–अण्ड में एकीकृत रूप में रहते थे और सहज ही आपस में परिवर्तनशील रहते थे तथा इसी तरह पदार्थ तथा ऊर्जा आपस में पूर्ण रूप से परिवर्तनशील थे। (स्विट्ज़ेरलैन्ड तथा फ़्रान्स स्थित सर्न (सी ई आर एन ) के 'विशाल हेड्रान कोलाइडर' में आजकल कुछ विशिष्ट प्रयोग हो रहे हैं जो इस विषय प उपयोगी प्रकाश डाल सकते हैं, कहा तो यह भॆ जा रहा है कि इन प्रयोगों से 'ईश्वर कण' ( गाड पार्टिकल) की‌ खोज हो सकेगी। वैसे इसका सही नाम ' 'हिग्ज़ बोसोन' है; बोसोन एक अद्भुत मूल कण है, और हिग्ज़ ऐसा क्षेत्र है जो कणों को द्रव्यमान देता है। समस्त् ब्रह्माण्ड हिग्ज़ क्षेत्र से पूर्ण है। इस पर विस्तृत चर्चा बाद में।) पदार्थ तथा ऊर्जा की तुल्यता (ई = एम.सी स्क्वेअर) सिद्ध करने के लिये आइन्स्टाइन को, सोलह वर्षों बाद, 1921 में नोबेल पुरस्कार मिला।


क्रमशः



व्यवसाय और हमारी भाषाएँ

 व्यवसाय और हमारी भाषाएँ 
 राहुल देव जी के सौजन्य से 



आमंत्रण व आलेख को बड़े आकार में पढ़ने के लिए एक एक कर तीनों पृष्ठ चित्रों पर क्लिक करें -



१)






२)




३)






पिंजरे वाली मुनिया

पिंजरे वाली मुनिया 


मन्ना डे के स्वर में गाया पिंजरे वाली मुनिया  मेरा एक पसंदीदा गीत है|

इसके साथ ही पसंद के कुछ अन्य गीत सुनिए आज -







साप्ताहिकी

साप्ताहिकी
Monday, December 14, 2009


 
विद्या विवादाय धनं मदाय, शक्ति परेषां परिपीडनाय (खलस्य)


कल रवि जी ने  श्री  देवाशीष   तथा  श्री रमण कौल  के एकल प्रयासों से बनी चिट्ठा निर्देशिका  का उल्लेख यहाँ किया तो कई चिट्ठाकारों ने अपना उल्लेख उसमें न होने की बात दुहराई| अब यदि कोई वहाँ रजिस्टर्ड ही नहीं हुआ स्वयं जा कर, तो वह स्वयं को वहाँ पाएगा कैसे ? इसलिए महत्वपूर्ण बात यह है कि चिट्ठाकार साथी अपने ब्लॉग को वहाँ रजिस्टर्ड करवाने के साथ ही साथ  आँकड़ों का एक विभाग तक भी जाएँ, अपने सम्बन्ध में जानकारी आदि दे कर तथ्यपूर्ण बनाएँ|  देखिए --

इस पोस्ट के बहाने सभी चिट्ठाकारों और चिट्ठे पढ़ने वालों और नेट पर हिन्दी के चाहने वालों से निवेदन हैं कि वे हिन्दी ब्लॉग्स चिट्ठादर्शिका पर पंजीकृत हों, अपने प्रोफाईल में सारी जानकारी भरें और यदि चिट्ठा लिखते हैं तो उसे निर्देशिका में जोड़ने के उपरांत उसे क्लेम भी करें। इससे हमें समय समय पर जाल पर हिन्दी प्रयोग और प्रयोक्ताओं के बारे में जानकारी मिलती रहेगी।


  उसे अद्यतन बनाने में अपनी अपनी भूमिका का निर्वाह तो आप को व हमें ही करना है ना ! अस्तु !!


 गत  दिनों (बल्कि माहों) से हिन्दी चिट्ठा संसार पर मुख्यतः विग्रह, विवाद और वर्चस्व के बादल बहुधा छाए दिखाई देते रहे हैं| मेरे जैसा कड़े जी वाला व्यक्ति तक भी इस हाहाकार, छीना छपटी, अहमन्यता और पारस्परिक दोषारोपणों के जंजाल से विचलित ही नहीं विरक्त भी हो उठा मानो| जाने क्या तो बँट रहा है जिसके लिए युद्धक भूमिका में सब तने बैठे हैं ?  हम एक दूसरे की रेखा को छोटी कर के अपनी रेखा को बड़ा दिखाने के भ्रम में क्या तो पा लेंगे? पता नहीं !!



 आसपास के परिवेश, समय और परिस्थिति से अनजान समय और मनुष्य अपना कोई सकारात्मक योगदान देने की अपेक्षा किंचित भी संसाधनों और स्रोतों का दुरुपयोग करता है तो वह अपनी आने वाली नस्लों का अपराधी है| उदाहरण के लिए इस रिपोर्ट को देखें कि प्रति व्यक्ति की जाने वाली बर्बादी का दुष्परिणाम संसार के अलग अलग कोने में बैठे व्यक्तियों तक को कैसे भोगना पड़ जाता है | ऐसे में किसी का भी अनुत्तरदायी एक भी एक्शन (किसी भी कार्य/ व्यवहार का) बड़े भावी और समकालिक अर्थ रखता है|



स्वास्थ्य और विज्ञान में रूचि रखने वालों के लिए गत दिनों कुछ महत्वपूर्ण चीजें पढ़ने देखने को मिलीं| सर्वप्रथम आप अतिरिक्त भार को कम करने के प्रयास में जुटे एक व्यक्ति के प्रयासों और परिणाम  को सचित्र देखें-  ( चित्र मैंने सकारण हटा दिए हैं, आप लिंक पर ही उन्हें देखें ) |




दूसरा समाचार  मेडिकल से जुड़े हमारे साथी चिट्ठाकारों के साथ साथ स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक जागरूकता अपनाने वाले पाठकों  के लिए भी अतीव   महत्वपूर्ण शोध  है|


Alcohol consumption has long been linked to cancer and its spread, but the underlying mechanism has never been clear. Now, researchers at Rush University Medical Center have identified a cellular pathway that may explain the link.


हमारे साथी चिट्ठाकार बंधु ऐसे महत्त्व के विज्ञान लेखों का भी हिन्दी उल्था करके इतनी आवश्यक जानकारियों को निरंतर हिन्दी के पाठकों के लिए प्रस्तुत करने का काम करें तो लोक कल्याण की दृष्टि से व जन जागृति की दिशा में देश कुछ आगे बढ़े|



यहाँ अपनी भाषा के प्रति भावों की अभिव्यक्ति के माध्यम के रूप में एक ऐसी कल्पना का रूप निरख कर एक बार अवश्य आप का भी वाह वाह कहने का मन हो आएगा |


Apostrophe
Brackets
Colon
Comma
Dash
Ellipsis
Exclamation Point
Hyphen
Parentheses
Period

Question Mark
Quotes
Semicolon




अब  गत दिनों हिन्दी ब्लॉग जगत की कुछ पठनीय प्रविष्टियों पर एक दृष्टि डालें तो डॉ. पद्मजा शर्मा की यह कविता बरबस संवेदना से सराबोर कर देती है -

कविता

पिता की मृत्यु  के बाद

माँ बहुत रोती है पिताजी
बेटा  दफ्तर जाते समय
न मिले तो / आंसू
पोता न सुने कहानी
घर में हो ब्याह
या जाया हो नाती
हर मौके बस रोती / माँ


आप जानते हो पिताजी
आपके खाने से पहले
खाती नहीं थी माँ


जब तक आपसे  नहीं कर लेती थी तकरार
कहाँ शुरू होता था उसका दिन
आपका भी कहाँ लगता था मन
जब हो जाती थी नाराज
कितना मनाते थे आप


सुनाकर माँ को / मुझसे कहते थे-
' तेरी माँ का स्वभाव फूल सरीखा है
जो दूसरों को बांटकर सुगंध
बिख़र जाता है ख़ुद '


तब माँ फेर लेती थी पीढ़ा
और आँखों की कौर से
पौछती थी गीलापन


जब से आप गए हो / पिताजी
बैठी रहती है आपकी तस्वीर के आगे
बिना कुछ खाए पिए
काट देती  है सारा  दिन


माँ की आँखों से
हंसी ख़ुशी उदासी की
जो त्रिवेणी बहती है
कभी पलट कर देखो तो सही / पिताजी


पोते को हँसता बोलता देखकर
कभी कभी रोते हुए माँ
कहती है  धीरे से -
' तेरे पिता हंस रहे हैं '


पर आप पहले की तरह
सिर्फ माँ के लिए
कब हंसोगे पिताजी



गत दिनों नंदिनी की एक कविता पर कवि ओम की एक टिप्पणी से जिस प्रकार की गलतफहमियाँ हुई और उस प्रकरण में विलंबित उत्तर के चलते जिस प्रकार नंदिनी ने अपना ब्लॉग बंद किया, नंदिनी के ब्लॉग बंद होने के चलते कई जगह विचलित होकर प्रतिक्रियाएँ आदि हुई, वह सब  घटनाक्रम काफी अजीबोगरीब व क्विक रिएक्शन के साथ मुझे व्यक्तिगत स्तर पर बहुत विगलित भावुकता से पूर्ण व कमजोर मनःस्थिति का वाचक प्रतीत होता रहा है|  मेरे ऐसा प्रतीत होने की जी भर आलोचना की जा सकती है किन्तु इधर युवा संभावनाशील लेखन की जो हल्की-सी छवि बननी प्रारम्भ हुई थी, उसका गुलशन नंदा टाईप कायांतरण मेरे गले नहीं उतरता| लेखन अथवा सम्बन्ध व्यक्ति की शक्ति हैं, उन्हें अपनी कमजोरी के भार से दबा देना आत्मघाती ऐसा कदम हैं कि जिसके लिए दया नहीं, सहानुभूति नहीं अपितु आक्रोश भर जाता है मन में| कोरी भावुकता के चलते, लेखन के डगमग होने की छवि के चलते किसी का कोई कल्याण उसमें निहित नहीं है| अतः ऐसे प्रसंगों से किसी भवितव्यता की अपेक्षा नहीं जन्मती|





२ दिन पूर्व वरिष्ठ कथाकार सुधा अरोड़ा जी ने वर्तमान की युवतियों और विवाह संबंधों पर बातों बातों में एक प्रसंग में मुझे कहा कि अमृता जी बहुत भाग्यशाली थीं जो उन्हें इमरोज जैसा व्यक्ति उनके जीवन में मिला; और साथ ही यह भी जोड़ा कि दुनिया में कौन लड़की उतनी सौभाग्यशाली होती है भला?


कल के एक महत्वपूर्ण पाठ्य को पढ़ कर सुधा जी की इस बात के सोलह आना खरे होने से आप पुनः सहमत होंगे-


अमृता -इमरोज और साझा नज्म

पंद्रह दिनों पहले अमृता एक बार फिर इमरोज़ के सपनों में आई, बादामी रंग का समीज सलवार पहने | 'सुनते हो ,कमरे में इतनी पेंटिंग क्यूँ इकठ्ठा कर रखी है ?अच्छा नहीं लग रहा ,कुछ कम कर दो "|अमृता कहें और इमरोज़ न माने ,ये तो कभी हुआ नहीं ,अब इमरोज़ ने कमरे से पेंटिंग कम कर दी हैं ,कमरे में फिर से रंगों रोगन करा दिया है |हाँ ,अपने बिस्तर के पैताने या कहें आँखों के दायरों तक ,और मेज़ पर रखे रंगों और ब्रशों के बीच अमृता की तस्वीरें टांग रखी है |इन तस्वीरों को देखकर यूँ लगता है जैसे हर वक़्त अमृता आज भी इमरोज़ की निगहबानी कर रही है ,इमरोज़ घर से बाहर कम जाते हैं ,क्यूँकर जाते ?

 

 


डॉ. अजित गुप्ता वर्तमान में मनुष्य के मन में बसे भय को तोल कर और टटोल कर देखती हैं-

 

डर कैसे बस गया जीवन में?

बचपन शहर से दूर रेत के समन्‍दर के बीच व्‍यतीत हुआ। साँप और बिच्‍छू जैसे जीव रोज के ही साथी थे। वे बेखौफ कभी भी घर में अतिथी बन जाते थे। लेकिन डर पास नहीं फटकता था। घर के आसपास रेत के टीले थे, रोज शाम को सहेलियों के साथ वहाँ जाकर टीलों के ऊपर बैठते थे। कभी-कभी तो किसी एक सहेली के साथ ही जाकर बैठ जाते थे, लेकिन डर नहीं लगता था। उस जमाने में मोपेड बाजार में आयी तो घर में भी भाई ने खरीदी। हम उनकी आँख बचाकर निकल जाते सूनी सुनसान सड़क पर। चारों तरफ रेत ही रेत और बीच में काली सड़क। लेकिन फिर भी डर नहीं लगता था। सायकिल से कॉलेज जाते, रास्‍ते में कोई बदमाश छेड़ देता तो सामने तनकर खड़े हो जाते, क्‍योंकि डर नहीं था।

 

 

जिन महिला चिट्ठाकारों ने अथक श्रम द्वारा कुछ ही समय में निरंतरता बनाए रखते हुए विविध प्रकार से अवदान दिया है, उनमें संगीता पुरी जी का नाम उल्लेखनीय है| ज्योतिष से इतर उन्होंने तकनीकी शब्दावली को नेट पर टाईप कर डालने का कार्य भी अपने बूते हाथ में लिया व अपने सगोत्री समाज पर केन्द्रित ब्लॉग भी वे निरंतर लिख रही हैं| जिन विषयों पर बहुधा वाह वाह नहीं मिल सकती वैसे विषय भी उन्होंने जिम्मे लिए | इसी प्रकार का एक विशेष लेख उनका कल मेरे पढने में आया -


क्‍या ईश्‍वर ने शूद्रो को सेवा करने के लिए ही जन्‍म दिया था ??

प्रारम्भ में वर्ण व्यवस्था कर्म के आधार पर थी, पर धीरे-धीरे यह व्यवस्था जन्म आधारित होने लगी । पहले वर्ण के लोग विद्या , दूसरे वर्ण के लोग शक्ति और तीसरे वर्ण के लोग पैसों के बल पर अपना महत्‍व बनाए रखने में सक्षम हुए , पर चौथे वर्ण अर्थात् शूद्र की दुर्दशा प्रारम्भ हो गयी। अहम्, दुराग्रह और भेदभाव की आग भयावह रूप धरने लगी। लेकिन इसके बावजूद यह निश्चित है कि प्राचीन सामाजिक विभाजन ब्राह्मणों, क्षत्रियों, वैश्यों और शूद्रों में था जिसका अन्तर्निहित उद्देश्य सामाजिक संगठन, समृद्धि, सुव्यवस्था को बनाये रखना था। समाज के हर वर्ग का अलग अलग महत्‍व था और एक वर्ग के बिना दूसरों का काम बिल्‍कुल नहीं चल पाता था।




 समय की सुई तेजी से बढ़ रही है|

अतः अंत में केवल कुछ और प्रविष्टियों के लिंक आप को थमा रही हूँ जो मुझे विचारणीय व महत्त्व के प्रतीत हुए ( आपकी पसंद व महत्त्व देने  की कसौटी नितांत भिन्न भी हो सकती है )|


पहला लेख पढने पर उसमें वर्णित शोध परिणाम के बारे में जान  मुझे अपनी पुस्तक कविता की जातीयता  का एक अध्याय स्मरण हो आया|  




धीरे-धीरे ये स्ट्रेस दिमाग़ के उस हिस्से (हाइपोथेलमस) पर असर डालता है जो हमारे शरीर के कई एक्शन्स को कंट्रोल करता है...। इस स्ट्रेस की वजह से शरीर में ऐसे हारमोन्स का रिसाव होने लगता है जो शरीर को कमज़ोर कर देते हैं और बुढ़ापा समय से पहले ही आ जाता है...।




मान लीजिए अगर आप किसी को धोखा देते हैं तो आपके मन में कहीं न कहीं इस बात का पछतावा रहता है..। चाहे आपको इस बात का मलाल भी न हो लेकिन कहीं न कहीं ये बात आपके दिमाग पर गुपचुप तरीके से असर डाल रही होती है...।




सतीश चंद्र श्रीवास्तव द्वारा लिखित इस लेख को पढ़ कर मेरा तो मन जार जार रोने को हो आया था| शहीदों की चिताओं पर मेले लगना तो दूर ....


सोनिया गांधी और अंबिका सोनी की तस्वीरों से युक्त विज्ञापन प्रकाशित और प्रसारित किया गया। अब एक साल बाद सिर्फ 16 शहीदों के परिजनों का पता लगा पाना क्या कौम के खात्मे का गंभीर संकेत नहीं दे रहा? क्या पूंजीवाद और भूमंडलीकरण के दौर में राष्ट्रीयता और राष्ट्रभक्ति जैसी बातें अप्रासंगिक और दकियानूसी नहीं हो गई हैं? परंतु इस बात का जवाब भी तो सोचना पड़ेगा कि राष्ट्रीय हितों की उपेक्षा करके अमेरिका-इंग्लैंड ही नहीं, चीन और जापान भी कोई कदम क्यों नहीं नहीं उठाते? ऐसे में भारतीय व्यवस्था आखिर किनके हाथों में खेल रही है?
सवालों में इतिहासकार
इतिहास के पन्नों में सभी ने पढ़ा है कि 13 अप्रैल 1919 को 'वैशाखी वाले दिन' जनरल डॉयर के नेतृत्व में ब्रिटिश फौज ने अमृतसर के जलियांवाला बाग में निहत्थे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। हजारों की संख्या में लोग मारे गए थे। इतिहासकारों के पास इस बात का जवाब नहीं है कि किसे भ्रम में डालने के लिए और किसकी चापलूसी करते हुए पुस्तकों में 'वैशाखी वाले दिन' का इस्तेमाल किया गया। हकीकत यह है कि अमृतसर में वैशाखी मेला की कोई परंपरा नहीं है। पंजाब में वैशाखी का मेला आनंदपुर साहिब में लगता है। जलियांवाला बाग में न पहले कभी मेला लगता था और न आज ही कोई परंपरागत आयोजन होता है। कड़वी सचाई यह भी है कि आज के अमृतसर में पांच प्रतिशत लोग भी नहीं जानते कि मजदूर और मानवाधिकारों के विरोधी रॉलेट एक्ट के खिलाफ 31 मार्च और 6 अप्रैल को पूर्ण बंदी तथा 9 अप्रैल को रामनवमी के जुलूस में हिंदू-मुस्लिम एकता ने अंग्रेजों को हिला कर रख दिया था। आंदोलन प्रभावित करने के लिए 10 अप्रैल 1919 को प्रमुख नेता डा. सैफुद्दीन किचलू और डा. सत्यपाल को गिरफ्तार किया गया तो युवा हिंसक हो उठे। अंग्रेजों पर हमला बोला। स्टेशन, बैंक, डाकघर को निशाना बनाया। देशभक्तों पर हुई फायरिंग में 35 शहीद हुए। 13 अप्रैल को इसी सिलसिले में शोकसभा थी, जिसमें 20 हजार से अधिक लोग मौजूद थे। मदन मोहन मालवीय के नेतृत्व में सेवा समिति के दल ने 1500 से अधिक शहीदों की सूची तैयार की थी। उक्त सूची अब गायब है।



आचार्य रामचंद्र शुक्ल की १२५ वीं जयन्ती पर आयोजित एक गंभीर विमर्श की रिपोर्ट  तैयार की है अमिताभ त्रिपाठी जी ने इलाहाबाद से  |










अनंतिम



जाते जाते 
नेट पर हिन्दी लेखन के लिए दिए जाने वाले पुरस्कारों में सम्मिलित होइए, किन्तु कुछ तथ्य ध्यान में रखे रहते हुए|


आप का पूरा सप्ताह सर्व मंगल से परिपूर्ण हो |

आचार्य रामचन्द्र शुक्ल की १२५ वीं जयन्ती पर संगोष्ठी


आचार्य रामचन्द्र शुक्ल की १२५ वीं जयन्ती पर संगोष्ठी






आज दिनांक १३ दिसम्बर २००९ को महात्मा गांधी अन्तरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा के इलाहाबाद स्थित क्षेत्रीय केन्द्र में आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के १२५ वीं जयन्ती के अवसर पर, ’आचार्य रामचन्द्र शुक्ल और आलोचना का वर्तमान’ विषय पर एक संगोष्टी का आयोजन किया गया था। संगोष्ठी की अध्यक्षता प्रख्यात कथाकार एवं इलाहाबाद विवि के पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष दूधनाथ सिंह ने की और म.गा.अ.हि.वि.वि. के कुलपति प्रसिद्ध साहित्यकार विभूति नारायण राय इसके मुख्य अतिथि रहे। प्रमुख वक्ताओं में अध्यक्ष एवं मुख्यअतिथि के अतिरिक्त गोपेश्वर सिंह, भारत भारद्वाज, मुश्ताक़ अली, राकेश, उपेन्द्र कुमार एवं महेश कटारे थे। इसका संयोजन संतोष भदौरिया ने किया|


विषय प्रवर्तन करते हुये दिल्ली से पधारे हुये गोपेश्वर सिंह ने शुक्ल जी के आलोचना की आलोचनाओं पर विशेष प्रकाश डाला और बहुत सीमा तक शुक्ल जी के पक्ष की रक्षा करते हुये भी दिखे। उन्होने शुक्ल जी पर लगने वाले ब्राह्मणवाद एवं साम्प्रदायिकता के आरोपों का भी शुक्ल-साहित्य के अन्तःसाक्ष्यों के आधार पर खण्डन किया। उन्होने जब शुक्ल जी के अन्तर्विरोधों का उल्लेख किया तो वर्तमान आलोचना के सबसे बड़े नाम के भी अन्तर्विरोधों का संकेत देने में नहीं चूके। नामवर जी ने मलयज जी और नीलकान्त जी के आचार्य शुक्ल सम्बन्धी अलग विवेचनाओं में परस्पर विरोधी मन्तव्य व्यक्त किया है इसे उन्होने उद्धरण सहित प्रदर्शित किया। संयोग से नीलकान्त जी वहाँ उपस्थित थे और मुख्य अतिथि महोदय के विशेष आग्रह पर उन्होने अपना पक्ष संक्षेप में रखा लेकिन वे भी गोपेश्वर जी के विचारों के प्रति सहिष्णु रहे। गोपेश्वर जी ने कहा कि बहुत से दलित चिंतक और अतिउत्साही मार्क्सवादी उनपर इतिहास दृष्टि से हीन होने तथा ब्राह्मणवाद और साम्प्रदायिकता का आरोप लगाते हैं। ब्राह्मणवाद को परिभाषित करते हुये गोपेश्वर जी का कहना था कि जो वर्णाश्रम, पुनर्जन्म, अवतार और वेदान्त को मानता हो वह ब्राह्मणवादी है और इस दृष्टि से वे महात्मा गांधी, विवेकानन्द आदि को भी ब्राह्मणवादी बताकर शुक्ल जी के विचारों का रक्षा करते दिखे। उन्होने शुक्ल जी के अवदानो को रेखांकित करते हुये उनके काव्य-विवेक का विशेष उल्लेख किया। हिन्दी ’साहित्य का इतिहास’ लिख कर जो कार्य शुक्ल जी ने किया वह बाद के लोगों के लिये मार्ग दर्शक बना। शुक्ल जी द्वारा सिद्धों और नाथों की परम्परा तथा कबीर की उपेक्षा का कारण वे उनकी शुद्धतावादी सोच को बताते हैं। वे रहस्यवादिता के पक्षधर नहीं हैं। शुक्ल जी के अनुसार जगत एक ब्रह्म की अभिव्यक्ति है और कविता जगत की अभिव्यक्ति है। शुक्ल जी ने आलोचना के जो मानदण्ड स्थापित किये उसकी उपेक्षा परवर्ती काल के आलोचक उनकी आलोचना करते हुये भी नहीं कर सके। गोपेश्वर जी ने राम विलास शर्मा का भी सन्दर्भ देते हुये बताया कि किस प्रकार शर्मा जी ने शुक्ल जी पर लगने वाले ब्राह्मणवाद के आरोप का खन्डन किया था।


गोपेश्वर जी के बाद मुख्य अतिथि महोदय को आमंत्रित किया गया। विभूति जी ने एक प्रकार से शुक्ल जी पर ब्राह्मणवादी होने और साम्प्रदायिक होने के वामपन्थी आरोपों की रक्षा की लेकिन दबे स्वर में। इसके लिये उन्होने समय के दबाव को कारण माना। परन्तु एक बात उन्होने मुक्त कंठ से स्वीकार की कि साहित्य के इतिहास का वैज्ञानिक लेखन शुक्ल जी की ही देन है। बाद के जितने भी आलोचक या साहित्येतिहाकार आये उन्होने या तो उससे बड़ी लकीर खींचने की कोशिश की या छोटी लेकिन वे मूल लकीर को प्रतिस्थापित नहीं कर पाये। इसीलिये आज १२५ वर्ष बाद भी हम उन्हे याद कर रहे हैं।


इसके बाद ग्वालियर के महेश कटारे जी ने वातावरण को हल्का करने का प्रयत्न किया कि आलोचना वही सही है जो समझ में आये। आलोचना में गूढ़ता की उन्होने आलोचना की। उनके वक्तव्य की दो बाते प्रमुख थीं एक तो वर्तमान आलोचना में ग़ज़लों को कोई स्थान नहीं दिया जाता और दूसरा कि आलोचनायें रचनाओं के प्रमोशन के उद्देश्य से हो रही हैं उनके मूल्यांकन के लिये नहीं।


इसके बाद विवि के विशेष कार्याधिकारी राकेश जी का क्रम था। राकेश जी मुख्यरूप से रंगमच से जुड़े हैं। उन्होने भी अपनी पीड़ा व्यक्त की कि नाटकों को साहित्य की मुख्यविधा नहीं माना जाता और इस पर गम्भीर आलोचना नहीं होती। इसी क्रम में उन्होने आलोचना को अनवश्यक भी बता दिया।


राकेश जी के बाद उपेन्द्र कुमार एवं मुश्ताक़ अली का भी वक्तव्य हुआ जिसे मैं कतिपय कारणों से नहीं सुन पाया। जब मैं दुबारा सभागार में पहुँचा तो मुश्ताक़ जी अपना वक्तव्य समाप्त कर रहे थे जो सम्भवतः लम्बा खिंच गया था। ऐसा सचालक के बाद में दिये गये संकेतों से पता चला।


अब बारी थी भारत भारद्वाज की। भारत जी वर्धा विवि से प्रकाशित द्वैमासिक पत्रिका पुस्तक वार्ता के सम्पादक भी हैं। उन्होने इसके नवीनतम अंक(सितम्बर-अक्तूबर) में ’हिन्दी आलोचना के हिमालय : आचार्य रामचन्द्र शुक्ल’ के नाम से सम्पादकीय लिखा है जो रोचक व पठनीय है। भारत जी अपने उद्बोधन में भावुक और किंचित विचलित से दिखे। सम्भवतः वे शुक्ल जी पर हो रही आलोचनात्मक टिप्पणियों से आहत थे। अपने वक्तव्य में उन्होने लगभग वही बातें कहीं जो उन्होने अपने संपादकीय में लिखी हैं अतः उन्हे यहाँ दुहराना उचित नहीं होगा(भारत जी से सम्पर्क का पता दे रहा हूँ इच्छुक जन उनसे सम्पर्क करके शायद सामग्री प्राप्त कर सकें)। अन्त में उन्होने यह कह कर अपनी बात समाप्त की कि शुक्ल जी के हिमालय पर चढ़ने का यत्न तो बहुतों ने किया लेकिन लौट कर कोई नहीं आया।
(इंटरनेट पर सार्वजनिक रूप में संपर्क सूत्र सदा के लिए टाँक देना सुरक्षा कारणों से उचित न होने के कारण उन्हें हटा दिया है| क.वा.)


अन्त में अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में दूधनाथ जी ने आरम्भ में ही स्थापना दी कि शुक्ल जी के निश्कर्षों का दायरा अन्तर्विरोधी है। उन्होने शुक्ल जी के उस विचार के बारे में भी बताया कि कविता के आस्वाद और विश्लेषण में अन्तर है। अच्छा लगना ही अच्छी कविता का मानदण्ड नहीं है।


दूधनाथ जी ने साहित्य के क्रमबद्ध इतिहास का श्रेय शुक्ल जी को ही दिया। उनके इतिहास लेखन पर प्रकाश डालते हुये उन्होने कहा कि रासो साहित्य को शुक्ल जी ने इतिहास में इसलिये शामिल किया क्योंकि उनका मानना था कि प्रसिद्धि भी किसी काल के लोकप्रवृत्ति की प्रतिध्वनि है। जो प्रासंगिक नहीं है वह महत्त्वपूर्ण नहीं होता तथा साहित्य इतिहास के अन्दर का इतिहास है जैसी उक्तियाँ भी दूधनाथ जी से सुनने को मिलीं।


दूधनाथ जी का यह भी कहना था कि उनके अनुसार विषय था ’आचार्य शुक्ल और आलोचना का वर्तमान’ लेकिन चर्चा शुक्ल जी को लेकर ज्यादा हुई आलोचना को लेकर कम। उनके अनुसार शुक्ल जी के पूर्व हिन्दी साहित्य में आलोचना थी ही नहीं। किसी वक्ता के द्वारा एक नाम याद दिलाने पर उन्होने उसे महत्त्व नहीं दिया। शुक्ल जी के कुछ पूर्वाग्रहों की चर्चा करते हुये उन्होने कहा कि शुक्ल जी सिद्धों के रहस्यवादी वचनों को साहित्य नहीं मानते लेकिन गोरखनाथ को वे एक हिन्दू योगी मानते हैं। यहाँ वे गोरखनाथ को वज्रयानियों या तंत्रमार्गियों से अलग करते हैं। शुक्ल जी के ब्राह्मणवाद की रक्षा तो दूधनाथ जी नहीं करते लेकिन साम्प्रदायिकता के आरोप से बहुत विद्वतापूर्ण ढंग से उन्हे निकालने का प्रयत्न करते हैं। इसके लिये वे मुस्लिम शासकों के समय शासन में जन की भागीदारी के अभाव को कारण मानते हैं। इसीलिये वे भक्तिकाल के साहित्य को जन के मौन को भंग करने का साहित्य मानते हैं। भक्ति को शुक्ल जी धर्म की भावात्मक अनुभूति कहते हैं। दूधनाथ जी के अनुसार सारा मध्यकालीन साहित्य वेदान्त के त्रिकोण (प्रस्थानत्रयी) पर टिका है। अतः भक्तिकालीन इतिहास लिखते समय शुक्ल जी ने तत्कालीन प्रवृत्तियों को प्रदर्शित किया है। अध्यक्ष महोदय ने छायावादी कवियों के बारे में शुक्ल जी के दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुये बताया वे पन्त को चित्रभाषा का कवि कहते हैं। महादेवी के बारे में उन्होने इतिहास के पहले लेखन में स्थान नहीं दिया था लेकिन बाद में उन्होने उनके दो उल्लेख किये हैं एक बार उन्होने कहा है कि ’लगता है महादेवी को पीड़ा का चस्का लग गया है।’और दूसरी बार कहा है कि ’यह बताना मुश्किल है कि यह पीड़ा वास्तविक है या पीड़ा की रमणीय कल्पना’। दूधनाथ जी दूसरी बात से इसलिए असमत हैं कि केवल अनुभव से लिखना तो अनुभववाद हो जायेगा। यदि कल्पना नहीं होगी तो कविता ही सम्भव नहीं होगी। उन्होने छायावाद के दो प्रमुख लक्षण बताये एक - चित्रछवि, दो - रहस्यानुभूति। इसी आधार पर दूधनाथ जी के अनुसार शुक्ल जी ने बाद मे महादेवी को सर्वश्रेष्ठ छायावादी कवि माना है। (दूधनाथ जी ने महादेवी वर्मा पर अभी एक पुस्तक लिखी है) लेकिन वे कहते हैं कि यदि शुक्ल जी को ’निराला’ की बाद की कवितायें पढ़ने का अवसर मिला होता तो वे निश्चित ही ’निराला’ को श्रेष्ठ छायावादी कवि बताते। यहाँ जो कारण दूधनाथ जी ने बताया वह चौंकाने वाला था। उन्होने कहा कि शुक्ल जी वेदान्तवादी और ब्राह्मणवादी थे, तुलसीदास भी थे और मुझे अब लगने लगा है कि निराला भी अपने अन्तिम दिनो में ब्राह्मणवादी हो गये थे। अतः निराला भी तुलसीदास की तरह प्रिय कवि होते। इसके पूर्व उन्होने निराला के उन दो लेखों की भी चर्चा की थी जिसके द्वारा उन्होने शुक्ल जी के आलोचना की खबर ली थी और उन्हे खूब खरी-खोटी सुनाई थी।


शुक्ल जी के अलोचना की पुनः चर्चा करते हुये उन्होने समय की कठिनाइयों का वर्णन भी किया कि उन्हे किस प्रकार तत्कालीन साहित्यकारों की मुखर आलोचना से बचना होता था और किस प्रकार बाबू श्याम सुन्दरदास चाहते थे कि हिन्दी साहित्य का इतिहास उन्ही के(श्याम सुन्दर दास) के नाम से छपे (इस सम्बन्ध में भारत भारद्वाज का सम्पादकीय पठनीय है) आदि। तत्कालीन परिस्थितियों और उपलब्ध संसाधनो के आधार पर उन्होने हिन्दी साहित्य के इतिहास लेखन का जो कार्य किया उसे बाद के इतिहास लेखकों ने भी अपनाया। बहुत से लोगों ने नया लिखने का दम भरते हुये भी शुक्ल जी की ही नकल की, वे कोई मौलिक कार्य नहीं कर सके।


और भी बहुत कुछ कहा गया इस अवसर पर परन्तु स्मृति, समय एवं स्थान की सीमा के कारण इतना ही।


सबसे अन्त में संयोजक और संचालक संतोष भदौरिया जी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और स्वल्पाहार के बाद यह गोष्ठी सम्पन्न हुई। यह अनुभव किया गया कि गोष्ठी लम्बी हो गयी। कई आमंत्रित श्रोता अन्त तक धैर्य धारण नहीं कर सके। कुछ के पास वापस जाने सही जुगाड़ नहीं था इसलिये देर होती देख किसी के साथ लटक कर निकल लिये।


मेरे लिये यह अनुभव लाभकारी रहा। मैं विशेष रूप से भारत भारद्वाज और दूधनाथ जी को सुनने आया था परन्तु गोपेश्वर जी को भी सुनना एक सुखद अनुभव था। किसी साहित्यकार को यदि उसके जन्म के १२५ वर्ष बाद भी याद किया जाता है तो लगता है कि बन्दे में था दम। हिन्दी आलोचना और इतिहास की जब भी चर्चा होगी तो उसके आदिपुरुष के रूप में उन्हे याद किया जायेगा।

वर्धा विवि को मैं ऐसे कार्यक्रम के लिये धन्यवाद देता हूँ।


रूस की सर्दियों में भारत का बसंत





रूस की सर्दियों में भारत का बसंत
डॉ. वेदप्रताप वैदिक



प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह की मास्को-यात्रा की तुलना यदि उनकी वाशिंगटन-यात्रा से और ओबामा की पेइचिंग-यात्रा से की जाए तो माना जाएगा कि यह मास्को-यात्रा अधिक सगुण और अधिक सार्थक रही है| इस मास्को-यात्रा का कोई खास शोर-शराबा नहीं था, जैसा कि उल्लिखित दोनों यात्राओं का था लेकिन इस यात्रा में से जैसे समझौते और दिशा-निर्देश निकले हैं, वे सिर्फ भारत-रूस संबंधों में ही गर्माहट पैदा नहीं करेंगे, वे दक्षिण एशिया और विश्व-राजनीति पर भी अपना गहरा प्रभाव डालेंगे|


दो साल पहले प्रधानमंत्री की मास्को-यात्रा में जिस तरह का मोह-भंग हुआ था, उसने भारत-रूस संबंधों को लगभग बर्फ में जमा दिया था| गोर्शकोव-सौदा तो अधर में झूल ही रहा था, परमाणु-सौदे भी खटाई में पड़ गए थे| भारत को यह समझ ही नहीं पड़ रहा था कि अमेरिकी सौदा संपन्न होने के पहले वह रूस से सौदा करे या न करे| भारत-रूस व्यापार भी सिर्फ चार बिलियन डॉलर पर अटका हुआ था| इधर अमेरिका और रूस में परमाणु-छतरी को लेकर तनाव बढ़ गया था और भारत अमेरिका के नज़दीक जाने के लिए बेताब हो रहा था| यह भी पता नहीं चल रहा था कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान और ईरान आदि के प्रति भारत और रूस के रवैए में कितनी समानता हो सकती है| लेकिन पिछले साल रूसी प्रधानमंत्री विक्तोर झिबकोव की भारत-यात्रा के दौरान जो हल्के-से संकेत उभरे थे, उन्हें हमारे प्रधानमंत्री की इस मास्को-यात्र ने गरज़ती हुई प्रतिध्वनियों में बदल दिया है| इधर भारत में मनमोहन सिंह दुबारा प्रधानमंत्री बने और उधर रूस में मई 2008 में व्लादिमीर पुतिन खुद प्रधानमंत्री बने और उन्होंने अपने शिष्य दिमित्री मेदवेदेव को राष्ट्रपति बना दिया| इस पट-परिवर्तन के साथ-साथ भारत-अमेरिकी परमाणु-सौदा भी संपन्न हो गया| इन घटनाओं ने भारत और रूस के सामने संभावनाओं के नए द्वार खोल दिए| इसीलिए रूस के साथ हुआ परमाणु-सौदा अमेरिकी सौदे से भी काफी आगे निकल गया| रूस की सर्दियों में भारत का बसंत खिल गया|


भारत-अमेरिकी सौदे पर पाँच साल की खींचातानी के बावजूद प्रधानमंत्री की वाशिंगटन-यात्रा के दौरान परमाणु-ईंधन का मामला अधर में ही लटका रहा लेकिन मास्को-यात्रा के दौरान रूस ने भारत को वे रियायतें दे दी हैं, जो अमेरिका उसे सपने में भी नहीं दे सकता| अमेरिका की शर्त है कि अगर परमाणु-सौदा भंग होता है तो ईंधन की सप्लाई तुरंत बंद हो जाएगी और सारे संयंत्र लौटाने होंगे याने भारत ने यदि कोई परमाणु-विस्फोट कर दिया तो उसे लेने के देने पड़ जाएँगे | अमेरिकी ईंधन से चलनेवाले उसके संयंत्र ठप्प हो जाएँगे और अरबों रूपए के अमेरिकी संयंत्र उसे वापस लौटाने होंगे जबकि उसी स्थिति में रूसी ईंधन की सप्लाय जारी रहेगी| रूस जी-8 के उस प्रस्ताव को भी नहीं मानेगा जो कहता है कि भारत-जैसे परमाणु-अप्रसार संधि (एनपीटी) पर दस्तखत नहीं करनेवाले राष्ट्रों को ईंधन संशोधन और परिवर्द्धन की तकनीक न दी जाए| इसका अर्थ यह हुआ कि रूस ने भारत को व्यावहारिक तौर पर छठा परमाणु शक्तिसंपन्न राष्ट्र मान लिया है| अमेरिका के 123 समझौते ने जो बंधन भारत पर डाले हैं, उन्हें रूसी सौदे ने दरी के नीचे सरका दिया है| अब ऐसा लग रहा है कि दो साल पहले भारत और रूस जो अचानक ठिठक गए थे, वह उन्होंने ठीक ही किया था| अब अमेरिका सौदे ने भारत का मार्ग प्रशस्त कर दिया है| इसका लाभ उठाकर भारत ने फ्रांस, केनाडा, नामीबिया, मंगोलिया, कजाकिस्तान, नाइजीरिया आदि के साथ भी परमाणु संयंत्रें और ईंधन के समझौते कर लिये हैं| रूस के साथ हुआ यह समझौता न केवल भारत को छह नए परमाणु-संयंत्र देगा बल्कि लगभग 20 संयंत्र अलग-अलग प्रांतों में भी लगाएगा| राष्ट्रपति मेदवेदेव ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि भारत को परमाणु संयंत्र, तकनीक या ईंधन देते समय रूस किसी के दबाव में आनेवाला नहीं है और ये समझौते सिर्फ क्रय-विक्रय संबंधी नहीं हैं| इनके तहत दोनों देशों के बीच परमाणु-शोध और व्यापक उर्जा सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा| इसमें संदेह नहीं है कि रूस और फ्रांस ने परमाणु-उर्जा से बिजली बनाने के जो सफल प्रयोग किए हैं, उनका लाभ भारत को मिलेगा|


भारत ने सिर्फ परमाणु-उर्जा ही नहीं, तेल और गैस देने के लिए भी रूस को पटा लिया है| रूस के ताइमन पेचोरा क्षेत्र के त्रेब और तीतोव में भारत अब तेलोत्खनन करेगा और यह सुविधा उसे अब सखालिन-3 में भी मिल सकती है| अब भारत अपनी युद्ध-क्षमता बढ़ाने के लिए दुबारा रूस की तरफ अभिमुख हो रहा है| उसने यातायात और युद्धक विमान बनाने के नए समझौते तो किए ही हैं, विमानवाहक पोत गोर्शकोव का सौदा भी सुलझा लिया है| भारत रूस व्यापार को अगले कुछ वर्षों में तिगुना करने का संकल्प भी लिया गया है| दोनों देशों ने अफगानिस्तान की स्थिरता और पुनर्निर्माण पर भी विचार किया है| ईरान के बारे में दोनों देशों का रवैया अन्य महाशक्तियों से ज़रा भिन्न हैं और दोनों ने पाकिस्तान के आतंकवादी तत्वों पर खुले-आम उंगली उठाई है| भारत और रूस की इस लौटती हुई घनिष्टता से अमेरिका और चीन जैसे राष्ट्रों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है, यह बात रूसी राष्ट्रपति और भारतीय प्रधानमंत्री ने एकदम स्पष्ट कर दी है| चीन और अमेरिका के साथ रूस और भारत अपने द्विपक्षीय संबंध अपने-अपने ढंग से आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन इन दो पुराने मित्रों की घनिष्टता विश्व-राजनीति के दादाओं के कान खड़े कर सकती है| यह मित्रता विश्व-राजनीति को बहुध्रुवीय बनाने में तो सहायक होगी ही, वैश्विक और क्षेत्रीय स्तर पर चलनेवाली अनेक अंतरराष्ट्रीय दादागीरियों पर ब्रेक लगाने में भी सक्षम हो सकती है| इस समय भारत को रूस की जितनी जरूरत है उतनी ही जरूरत रूस को भारत की है| पाँच-सात साल पहले तक रूस अपने गैस और तेल की उपलब्धि के दम पर भारत जैसे मित्रें को हाशिए में डालता चला जा रहा था| उसे न तो अपने पारंपरिक शस्त्र-बाजार की परवाह रह गई थी और न ही वह अपने पुराने परखे हुए संबंधों को निभाते रहना चाहता था| लेकिन अब जबकि तेल और गैस के अंतरराष्ट्रीय दाम काफी गिर गए हैं, रूस को अब अपने पुराने ग्राहकों, दोस्तों और भारत जैसी नई विश्व-शक्तियों का दुबारा ध्यान आ रहा है| साम्यवाद के चंगुल से छूटा हुआ रूस अभी तक अपनी नई ज़मीन नहीं तलाश पाया है| वह अब भी विचारधारा के शिशिर में ठिठुर रहा है| भारत का लोकतंत्र और प्रगति के पथ पर बढ़ता हुआ अर्थतंत्र रूस की सर्दियों में बसंत को खिला सकता है|

ए-19 प्रेस एन्क्लेव नई दिल्ली-17

लन्दन में भारतीय संस्कृति और संस्कृत

लन्दन में भारतीय संस्कृति और संस्कृत
















ब्रह्माण्ड के खुलते रहस्य (२)

(साप्ताहिक स्तम्भ) 



गतांक से आगे

 ब्रह्माण्ड के खुलते रहस्य (२)
(रहस्य खोलने की चाबियाँ  )
विश्वमोहन तिवारी (पूर्व एयर वाइस मार्शल )



चाबियाँ

ब्रह्माण्ड का रहस्य खोलने के लिए दो चाबियाँ  नितान्त आवश्यक हैं। एक तो सैद्धान्तिक चाबी और दूसरे कोई दूरदर्शियों जैसे उपकरण जो ब्रह्माण्ड का वांछित अवलोकन कर सकें। और ये दोनों चाबियाँ अन्योन्याश्रित होती हैं। ब्रह्माण्ड के विषय में व्यापक आपेक्षिक सिद्धान्त 191५   में आइन्स्टाइन ने प्रतिपादित किया था, उसकी एक चाबी थी ‘ब्रह्माण्ड की स्थिर दशा’; सारे दिक में नक्षत्रों आदि के वितरण को देखते हुए बीसवीं शती के प्रारम्भ में वैज्ञानिकों ने यह निष्कर्ष, निकाला था, सही कहें तब उनकी मान्यता या विश्वास था, कि ब्रह्माण्ड में तारे समांगी या समरूप से वितरित हैं। इनके वितरण की समरूपता में न तो दिक में और न तो काल में कोई विशेष अन्तर आता है। अर्थात अनन्त काल से ब्रह्माण्ड ऐसा ही है और अनन्त काल तक ऐसा ही रहेगा। उस समय की आधिकांश वैज्ञानिक सोच ब्रह्माण्ड की ‘स्थिर दशा’ को मानती थी। उस समय मन्दाकिनियों के प्रसारण का न तो किसी को ज्ञान था और न किसी ने कल्पना ही की थी। जब कि भारत के पुराणों में ऐसी कल्पनाएँ  बहुत मिलती‌ हैं।



मजे की बात यह कि 191५ में आइन्स्टाइन ने जब अपने क्रान्तिकारी व्यापक आपेक्षिकता के सिद्धान्त अर्थात आपेक्षिकी के आधार पर ब्रह्माण्ड का जो मॉडल प्रतिपादित किया था तब उसमें बह्माण्ड का प्रसारी होना स्वत: ही उद्भासित हो रहा था! किन्तु आइन्स्टाइन के मन में या विश्वास में ब्रह्माण्ड का माना हुआ मॉडल स्थिर समरूप तथा गोलीय ज्यामिति वाला था। अतएव आइन्स्टाइन ने अपने उस क्रान्तिकारी गणितीय सूत्र में प्रसार को रोकने के लिये एक ‘ब्रह्माण्डीय नियतांक घटक’ डाल दिया था। इस ब्रह्माण्डीय नियतांक घटक को प्रतिगुरुत्वाकर्षण प्रभाव कहा गया, अर्थात यह गुरुत्वाकर्षण को रोकता है। यह इसलिये भी उऩ्हें स्वीकार्य था कि यही तो ब्रह्माण्ड की गुरुत्वाकर्षण शक्ति द्वारा स्वयं ब्रह्माण्ड को सिमटाए जाने की प्रक्रिया को संतुलित कर सकता है, अन्यथा ब्रह्माण्ड की गुरुत्वाकर्षण शक्ति उसे एक बिन्दु में समेट लेगी। आइन्स्टाइन ने यदि अपने गणितीय सूत्र पर भरोसा किया होता तब उस काल में ही ब्रह्माण्ड- विज्ञान ने कितनी प्रगति कर ली होती। बाद में आइन्स्टाइन ने उस क्रिया को अपने जीवन की सब से बड़ी गलती मानी। गौर से देखा जाए तब आइन्स्टाइन के सामने ऐसा कुछ भी नहीं था कि जिसके आधार पर वे स्थाई ब्रह्माण्ड की अवधारणा पर संदेह करते, सिवाय इसके कि उऩ्हें अपने सूत्रों पर अधिक विश्वास करना था। जब कि आइन्स्टाइन ऐसे व्यक्ति थे जिऩ्हें अपने सूत्रों पर पूरा विश्वास होता था| जैसे कि उस क्रान्तिकारी खोज के समय था, कि सूर्य का गुरुत्वाकर्षण प्रकाश की किरण का पथ बदल देगा, और जब शेष विश्व इसे नहीं मान रहा था।



ब्रह्माण्ड की निर्मिति या बनावट को समझने के लिये एक सैद्धान्तिक चाबी जिसे आज अधिकांश वैज्ञानिक मानते हैं, और जो बीसवीं सदी के तीसरे दशक में हबल के अवलोकनों तथा निष्कर्षों पर आधारित है, वह है ‘प्रसारी ब्रह्माण्ड सिद्धान्त’ (एक्स्पांडिंग यूनिवर्स थ्योरी)। इसके अनुसार विश्व या ब्रह्माण्ड का उद्भव एक बिन्दु में समाए समस्त ब्रह्माण्ड के विस्फोट से होता है। ब्रह्माण्ड के सभी पिण्ड तीव्र गति से भाग रहे हैं। इसीलिये इस सिद्धान्त का नाम ‘प्रसारी ब्रह्माण्ड’ रखा गया जिसे आम भाषा में ‘महाविस्फोट’ भी बोलते हैं। इस विस्तार को हम एक फूलते हुए गुब्बारे की तरह भी देख सकते हैं, यद्यपि इस उपमा की, सभी उपमाओं की तरह, सीमाएं हैं। इस ब्रह्माण्ड में जो पिण्ड जितनी दूर है वह उतनी ही तेजी से भाग रहा है। (यह भी दृष्टव्य है कि भारतीय शास्त्रों में ब्रह्म का एक अर्थ विस्तार या विस्तृत या विराट भी है। मुण्डक उपनिषद में (1.1.8 ‘तपसा चीयते ब्रह्म’) कहा है कि ‘तप’ से ब्रह्म का प्रसार होता है। (यह मंत्र संयोग मात्र नहीं है, किन्तु यह शोध का विषय है कि उनके पास ऐसी कौन सी शक्ति थी जिसके द्वारा वे यह जान सके।) हबल ने दूरी तथा वेग के अनुपात के नियतांक का मान भी निकाला था जो 100 था, इसका मान आधुनिकतम अवलोकनों तथा गणनाओं से 70–75 के बीच में माना जाता है। इस नियतांक का नाम हबल नियतांक है। हबल ने मन्दाकिनियों के वेग का निष्कर्ष डाप्लर सिद्धान्त के अनुसार ‘अवरक्त विस्थापन’ को मापकर निकाला।



अवरक्त – विस्थापन (इन्फ्रारेड शिफ्ट)

डॉ. हबल ने बीसवीं शती की तीसरी दशाब्दि में नक्षत्रों तथा मन्दाकिनियों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उस अवलोकन में वे उन तारों या मन्दाकिनियों के प्रकाशीय वर्णक्रम को बारीकी से परख रहे थे। प्रत्येक तारे में हाइड्रोजन, हीलियम आदि गैसें होती हैं जो प्रकाश के वर्णक्रम में कुछ चारित्रिक (फ्राउन हौफ़र) पंक्तियाँ देती हैं। कुछ निश्चित दशाओं में इन पंक्तियों का वर्णक्रम में स्थान निश्चित होता है। जब ये पंक्तियाँ अपने स्थानों पर नहीं होतीं तब वे विस्थापित कही जाती हैं। किन्तु, सभी पिण्डों के वर्णक्रम में उन्होंने भिन्न मात्राओं में अवरक्त विस्थापन पाया। जिस तरह आती हुई रेल की सीटी की ध्वनि का तारत्व (आवृत्ति) बढ़ जाता है, और जाती हुई रेल की सीटी ध्वनि का तारत्व कम होता सुनाई देता है, उसी तरह जब प्रकाश का स्रोत जैसे मन्दाकिनी जब हम से तेजी से दूर भागती है तब प्रकाश–तंरगों की आवृत्ति कम होती है अर्थात वह लाल रंग की तरफ विस्थापित होती है।और यदि वह पास आ रही हो तो नीले रंग (ब्लू शिफ़्ट) की तरफ विस्थापित होती है। डॉप्लर के इसी सिद्धान्त के आधार पर इस अवरक्त विस्थापन का अर्थ उन्होंने निकाला कि ब्रह्माण्ड में सभी पिण्ड तेजी से एक दूसरे से दूर भाग रहे हैं। यह खगोल विज्ञान में बीसवीं शती की सर्वाधिक क्रान्तिकारी खोज थी कि ब्रह्माण्ड का विस्तार हो रहा है। हबल ने पिछली शती के तीसरे दशक में किये अपने दीर्धकालीन अवलोकनों के आधार पर एक नियम बनाया कि, 'जो मन्दाकिनी जितनी दूर है वह उतनी ही तेजी से भाग रही है।'



हबल के नियम के अनेक क्रान्तिकारी परिणाम थे, उनमें यह भी था कि ब्रह्माण्ड का जो प्रसार हो रहा है, वह अनन्तकाल से तो नहीं हो सकता, अथार्त उसका किसी क्षण प्रारंभ हुआ होगा। उस उद्भव के क्षण की गणना की जा सकती है। तथा इस सिद्धान्त के अनुसार उस क्षण ब्रह्माण्ड का समस्त पदार्थ सुई की नोक से भी अत्यन्त छोटे बिन्दु में समाहित था। मैंने कहा था न कि ब्रह्माण्ड की बातें कल्पनातीत लगती हैं। क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि करोड़ों करोड़ों और इस तरह से हम ऐसा एक करोड़ बार कहें उतने सूर्यों के पदार्थों से भी अधिक पदार्थ सुई की नोक से भी छोटे बिन्दु में समाया था – सुई की नोक से कितना छोटा – सुई की नोक के बराबर के बिन्दु के एक करोड़ के करोड़वें हिस्से से भी छोटा! (कठोपनिषद 1.2.20 में लिखा है, अणोरणीयान महतो महीयान. . . अर्थात वह (ब्रह्म) अणुओं का भी अणु है और महत का भी महत है, महान विस्फोट की इस जानकारी के बाद कठोपनिषद के इस मंत्र का अर्थ प्रचलित अर्थ के अतिरिक्त एक नए रूप में दृष्टिगत होता है।) और आज वही पदार्थ अकल्पनीय रूप से विराट दिक या जगह में फैला हुआ है। कितना विराट ? प्रकाश एक सैकैण्ड में 3 लाख किलोमीटर की यात्रा करता है, तथा एक वर्ष में लगभग साढ़े नौ लाख करोड़ किमी की यात्रा करता है। ब्रह्माण्ड की त्रिज्या इतनी लम्बी है कि उसे किलोमीटर में नहीं नापते वरन प्रकाश–वर्षों में नापते हैं। ब्रह्माण्ड का उद्भव बिन्दु लगभग 1370 करोड़ प्रकाशवर्ष दूर है,. हम अभी तक ब्रह्माण्ड (लगभग दस करोड़ प्रकाशवर्ष) को लगभग 1000 करोड प्रकाश वर्ष की दूरी तक ही देख सके हैं। ब्रह्माण्ड की सीमा का निरन्तर प्रसार हो रहा है। क्या भारतीय शास्त्रों में इसीलिये ब्रह्म को निस्सीम कहते हैं?


ब्रह्माण्ड विज्ञान या ब्रह्माण्डिकी के मुख्य प्रश्न हैं, ब्रह्माण्ड का उदभव, आयु तथा विस्तार, ब्रह्माण्ड में पदार्थ की संरचना, प्रकार तथा परिमाण, तथा ब्रह्माण्ड की दशा अर्थात ब्रह्माण्ड का विस्तार हो रहा है, किस गति से हो रहा है, कब तक होता रहेगा आदि।
( क्रमशः )


सिर्फ फौज की वापसी ही समाधान नहीं




सिर्फ फौज की वापसी ही समाधान नहीं
डा. वेदप्रताप वैदिक
  

 
 
ओबामा की नई अफगान-नीति में नया क्या है ? उसमें ऐसा क्या है, जिसके कारण उसे बुश से अलग कहा जा सके ? सिर्फ एक बात है| वह यह कि अब से 18 माह बाद अफगानिस्तान से अमेरिकी फौजों की वापसी शुरू हो जाएगी| वापसी की बात कभी बुश के दिमाग में आई ही नहीं| शायद इतनी दूर की बात सोचने की क्षमता बुश में थी ही नहीं| ओबामा बधाई के पात्र हैं कि उन्होंने यह घोषणा की| उन्होंने ''डेढ़ साल'' कहा है और मैंने ''एक साल'' कहा था| वास्तव में वह अवधि व्यावहारिक रूप में एक साल की ही होगी, क्योंकि 30 हजार नए फौजियों को अफगानिस्तान पहुँचते पहुँचते छह माह लग जाएँगे | दूसरे शब्दों में अमेरिका के लगभग एक लाख जवानों और नाटों के लगभग 50 हजार जवानों को एक साल की मोहलत मिली है कि वे इस युद्घ को जीत कर दिखाएँ !


  
ओबामा के प्रतिद्वंद्वी मेककैन ने वापसी की घोषणा को गलत बताया है| उनका तर्क है कि वापसी की घोषणा की वजह से अफगान सरकार, फौज और जनता का मनोबल भी गिरेगा| तालिबान डेढ़ साल तक चुप बैठ जाएँगे और वापसी शुरू होते ही अफगान सरकार पर टूट पड़ेंगे| मेककैन के ये तर्क बिल्कुल गलत हैं| अमेरिकी वापसी की घोषणा का सबसे पहला असर अफगानिस्तान की जनता पर यह होगा कि अमेरिका की छवि सुधरेगी| यह धारणा निर्मूल होगी कि अमेरिका अफगानिस्तान को अनंत काल तक कब्जाए रहेगा| वे अब जानेंगे कि अमेरिका जिस सीमित उद्देश्य के लिए अफगानिस्तान में आया था, उसके पूरे होते ही वापस चला जाएगा| यों भी आम अफगानों के मन में पश्चिमी फौजों (इसाफ) के लिए सराहना का वह उत्कट भाव अब नहीं है, जो 2001 में था| दूसरा, पश्चिमी फौजों की उपस्थिति ही तालिबान की वापसी का सबसे बड़ा कारण है| तालिबान बड़ी तरकीब से काम ले रहे हैं| वे अफगानों को समझा रहे हैं कि ब्रिटिश और सोवियत फौजों की तरह अमेरिकी फौजों ने अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया है और काबुल में उन्होंने कठपुतली सरकार बिठा रखी है| यह लड़ाई सिर्फ इस्लामी जिहाद की ही नहीं है, अफगानिस्तान की आज़ादी की भी है| अब ओबामा की घोषणा से यह तर्क अपने आप गल जाएगा| तीसरा, वापसी की घोषणा अफगान सरकार को अपनी कमर कसने पर मजबूर करेगी| ओबामा ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि अब 'ब्लेंक चेक' का ज़माना लद गया है याने 'करो या मरो'| यदि अगले एक-डेढ़ साल में अफगान सरकार अपने पाँव पर खड़ी नहीं हो सकी तो उसे हटना पड़ेगा| इस चुनौती के कारण उसे कठोर निर्णय लेने ही पड़ेंगे| चौथा, पश्चिमी (इसाफ) सेनाओं को अब किसी भी बहानेबाजी का मौका नहीं मिलेगा| उन्हें पता चल गया है कि अब एक-डेढ़ साल में उन्हें अपना लक्ष्य प्राप्त करना है| पाँचवाँ, ओबामा की वापसी की घोषणा से आम अमेरिकी को काफी सांत्वना मिल रही है| उन्हें एराक़ और अफगानिस्तान की अंधी सुरंगों के पार अब आशा की किरण दिखाई पड़ने लगी है|

   
 
अमेरिकी वापसी की सराहना में मैंने ये तर्क जरूर दिए हैं लेकिन क्या फौजी वापसी अपने आप में कोई समाधान है ? नहीं है| क्यों ? पहला, अमेरिका और नाटो के डेढ़ लाख जवान सफल कैसे होंगे ? वे अल़-क़ायदा और तालिबान को कैसे हराएँगे  ? यदि एक लाख उन्हें नहीं हरा सके तो डेढ़ लाख क्या कर लेंगे ? पश्चिमी जवान आमने-सामने लड़ने से बहुत घबराते हैं| उन्हें न तो स्थानीय भूगोल का पता होता है, न स्थानीय भाषा आती है, न स्थानीय लोग उनका साथ देते हैं, न यथेष्ट गुप्त सूचनाएँ उनके पास होती हैं और न ही अफगान सैनिकों के साथ उनका जरूरी ताल-मेल होता है| इस साल के शुरू में ही ओबामा ने लगभग 20 हजार नए फौजी भिजवा दिए थे लेकिन इस साल जितने अमेरिकी फौजी मारे गए, पहले कभी नहीं मारे गए| तालिबान प्रवक्ता ने अब 30 हजार नए जवानों की घोषणा के बाद कहा है कि वे अमेरिका को और ज्यादा कड़ुआ पाठ पढ़ाएँगे  इसमें शक नहीं कि 30 साल से लगातार गृह-युद्घ में फँसे अफगानिस्तान को काबू करने के लिए एक लाख फौजी काफी नहीं हैं लेकिन सिर्फ 30 हजार जवान बढ़ाने से क्या होगा ? तालिबान का असर अब उत्तर और पश्चिमी अफगानिस्तान में भी फैल रहा है| इस समय कम से कम दो लाख जवानों की जरूरत है| अब से 36 साल पहले जब जाहिरशाह ने काबुल छोड़ा था, उनके पास दो लाख से भी ज्यादा जवान और सिपाही थे| हर अफगान नौजवान के लिए सैन्य-शिक्षा अनिवार्य थी| यदि ओबामा कोशिश करते तो पिछले एक साल में वे दर्जनों एशियाई और अफ्रीकी देशों को तैयार कर लेते, जो एक लाख से भी ज्यादा जवान काबुल भिजवा देते| ये जवान सस्ते भी पड़ते और लड़ते भी बेहतर ! लेकिन ओबामा ने मूलत: बुश की राह ही पकड़ी है| जवानों की संख्या बढ़ाने के अलावा उन्होंने जीत की कौनसी रणनीति बनाई है? उनके सलाहकारों ने साल भर पहाड़ खोदा और उसमें से निकाली चुहिया !

   
 
ओबामा ने न तो राष्ट्रीय अफगान सेना के बड़े पैमाने पर नव-निर्माण की बात कहीं है और न ही अफगान-सरकार को समस्त सैन्य-गतिविधियों के संचालन का अधिकार दिया है| यदि अब भी वे पांच लाख जवानों की स्थानीय फौज खड़ी करने का संकल्प करें तो अफगानिस्तान में बेकार नौजवानों को ढूँढना मुश्किल हो जाएगा| तालिबान को जिहादी कहाँ से मिलेंगे ? इसी प्रकार ओबामा ने अफगान अफीम के बारे में एक शब्द भी नहीं कहा है| जब तक जिहादियों का पैसों का स्त्रेत आप नहीं सुखाएँगे|  आप उन पर काबू कैसे पाएँगे  ? अफगानिस्तान में राजनीतिक दलों के अभाव तथा अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं के बारे में भी ओबामा मौन रहे| उन्होंने फौज पर 30 बिलियन डॉलर (लगभग सवाल लाख करोड़ रू.) के नए खर्च की घोषणा तो कर दी लेकिन अगर एक साल में वे सिर्फ 20 बिलियन डॉलर विकास-कार्यों के लिए दे देते तो चमत्कार हो जाता| विदेशों से मिलनेवाली मदद फौजी खर्च के मुकाबले नगण्य है और उसका भी सिर्फ चार-पांच प्रतिशत ही काबुल-सरकार के हाथों में होता है| यह स्थिति उलटनी चाहिए थी|

   
 
अफगानिस्तान के पुननिर्माण में भारत ने अदभुत भूमिका निभाई है| यही भूमिका अब उसे अफगानिस्तान की रक्षा में निभानी चाहिए| पांच लाख की अफगान-फौज खड़ी करने का जिम्मा भारत को लेना चाहिए| ओबामा ने अपने भाषण में पाकिस्तान को काफी थपकी दी है| वह जरूरी भी है लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि जो आज उनका सिरदर्द है, डेढ़ साल बाद, वह भारत का सिरदर्द बनेगा| क्या ओबामा अफगानिस्तान को पाकिस्तान की दया पर छोड़कर वापस लौटना चाहते हैं ? कहीं ऐसा तो नहीं कि ओबामा अफगान-चक्रव्यूह में बुश से भी अधिक गहरे उलझ जाएँगे ? मुझे डर यही है कि ओबामा कहीं बुश से भी बड़े अभिमन्यु सिद्घ न हों ? अफगानिस्तान कहीं उन्हें ही न ले बैठे ?

 
(लेखक, अफगान मामलों के प्रसिद्घ विशेषज्ञ हैं| वे पिछले 40 साल में दर्जनों बार अफगानिस्तान की यात्रा कर चुके हैं और वे प्रमुख अफगान नेताओं के साथ सतत संपर्क में रहे है)
ए-19 प्रेस एन्क्लेव नई दिल्ली-17

रोमांचकारी `मास्टरपीस' by ए. आर. रहमान

ए. आर. रहमान द्वारा निर्मित इस रोमांचकारी `मास्टरपीस' को देखना सुनना आप को रुला सकता है, भावविह्वल कर सकता है| भारत के सभी श्रेष्ठ गायक और वादक स्वयं इसमें सम्मिलित हैं और शब्द हैं कवीन्द्र रवीन्द्र के |








राष्‍ट्र–गान जन-गण-मन गाने के लिए नियम
साभार : हिन्दी मीडिया

भारत का राष्‍ट्र गान अनेक अवसरों पर बजाया या गाया जाता है। राष्‍ट्र गान के सही संस्‍करण के बारे में समय समय पर अनुदेश जारी किए गए हैं, इनमें वे अवसर जिन पर इसे बजाया या गाया जाना चाहिए और इन अवसरों पर उचित गौरव का पालन करने के लिए राष्‍ट्र गान को सम्‍मान देने की आवश्‍यकता के बारे में बताया जाता है। सामान्‍य सूचना और मार्गदर्शन के लिए इस सूचना पत्र में इन अनुदेशों का सारांश निहित किया गया है।

उपरोक्‍त राष्‍ट्र गान का पूर्ण संस्‍करण है और इसकी कुल अवधि लगभग 52 सेकंड है।

राष्‍ट्र गान की पहली और अंतिम पंक्तियों के साथ एक संक्षिप्‍त संस्‍करण भी कुछ विशिष्‍ट अवसरों पर बजाया जाता है। इसे इस प्रकार पढ़ा जाता है:


जन-गण-मन अधिनायक, जय हे
भारत-भाग्‍य-विधाता,
जय हे, जय हे, जय हे
जय जय जय जय हे।

 
संक्षिप्‍त संस्‍करण को चलाने की अवधि लगभग 20 सेकंड है।
जिन अवसरों पर इसका पूर्ण संस्‍करण या संक्षिप्‍त संस्‍करण चलाया जाए, उनकी जानकारी इन अनुदेशों में उपयुक्‍त स्‍थानों पर दी गई है।



राष्‍ट्र गान बजाना

1.    राष्‍ट्र गान का पूर्ण संस्‍करण निम्‍नलिखित अवसरों पर बजाया जाएगा:

i.    नागरिक और सैन्‍य अधिष्‍ठापन;
ii.    जब राष्‍ट्र सलामी देता है (अर्थात इसका अर्थ है राष्‍ट्रपति या संबंधित राज्‍यों/संघ राज्‍य क्षेत्रों के अंदर राज्‍यपाल/लेफ्टिनेंट गवर्नर को विशेष अवसरों पर राष्‍ट्र गान के साथ राष्‍ट्रीय सलामी - सलामी शस्‍त्र प्रस्‍तुत किया जाता है);

iii.    परेड के दौरान - चाहे उपरोक्‍त (ii) में संदर्भित विशिष्‍ट अतिथि उपस्थित हों या नहीं;

iv.    औपचारिक राज्‍य कार्यक्रमों और सरकार द्वारा आयोजित अन्‍य कार्यक्रमों में राष्‍ट्रपति के आगमन पर और सामूहिक कार्यक्रमों में तथा इन कार्यक्रमों से उनके वापस जाने के अवसर पर ;

v.    ऑल इंडिया रेडियो पर राष्‍ट्रपति के राष्‍ट्र को संबोधन से तत्‍काल पूर्व और उसके पश्‍चात;

vi.    राज्‍यपाल/लेफ्टिनेंट गवर्नर के उनके राज्‍य/संघ राज्‍य के अंदर औपचारिक राज्‍य कार्यक्रमों में आगमन पर तथा इन कार्यक्रमों से उनके वापस जाने के समय;

vii.    जब राष्‍ट्रीय ध्‍वज को परेड में लाया जाए;

viii.    जब रेजीमेंट के रंग प्रस्‍तुत किए जाते हैं;

ix.    नौ सेना के रंगों को फहराने के लिए।

2.    राष्‍ट्र गान का संक्षिप्‍त संस्‍करण मेस में सलामती की शुभकामना देते समय बजाया जाएगा।

3.    राष्‍ट्र गान उन अन्‍य अवसरों पर बजाया जाएगा जिनके लिए भारत सरकार द्वारा विशेष आदेश जारी किए गए हैं।

4.    आम तौर पर राष्‍ट्र गान प्रधानमंत्री के लिए नहीं बजाया जाएगा जबकि ऐसा विशेष अवसर हो सकते हैं जब इसे बजाया जाए।

5.    जब राष्‍ट्र गान एक बैंड द्वारा बजाया जाता है तो राष्‍ट्र गान के पहले श्रोताओं की सहायता हेतु ड्रमों का एक क्रम बजाया जाएगा ताकि वे जान सकें कि अब राष्‍ट्र गान आरंभ होने वाला है। अन्‍यथा इसके कुछ विशेष संकेत होने चाहिए कि अब राष्‍ट्र गान को बजाना आरंभ होने वाला है। उदाहरण के लिए जब राष्‍ट्र गान बजाने से पहले एक विशेष प्रकार की धूमधाम की ध्‍वनि निकाली जाए या जब राष्‍ट्र गान के साथ सलामती की शुभकामनाएं भेजी जाएं या जब राष्‍ट्र गान गार्ड ऑफ ओनर द्वारा दी जाने वाली राष्‍ट्रीय सलामी का भाग हो। मार्चिंग ड्रिल के संदर्भ में रोल की अवधि धीमे मार्च में सात कदम होगी। यह रोल धीरे से आरंभ होगा, ध्‍वनि के तेज स्‍तर तक जितना अधिक संभव हो ऊंचा उठेगा और तब धीरे से मूल कोमलता तक कम हो जाएगा, किन्‍तु सातवीं बीट तक सुनाई देने योग्‍य बना रहेगा। तब राष्‍ट्र गान आरंभ करने से पहले एक बीट का विश्राम लिया जाएगा।


राष्‍ट्र गान को सामूहिक रूप से गाना

1.    राष्‍ट्र गान का पूर्ण संस्‍करण निम्‍नलिखित अवसरों पर सामूहिक गान के साथ बजाया जाएगा:

i.    राष्‍ट्रीय ध्‍वज को फहराने के अवसर पर, सांस्‍कृतिक अवसरों पर या परेड के अलावा अन्‍य समारोह पूर्ण कार्यक्रमों में। (इसकी व्‍यवस्‍था एक कॉयर या पर्याप्‍त आकार के, उपयुक्‍त रूप से स्‍थापित तरीके से की जा सकती है, जिसे बैंड आदि के साथ इसके गाने का समन्‍वय करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें पर्याप्‍त सार्वजनिक श्रव्‍य प्रणाली होगी ताकि कॉयर के साथ मिलकर विभिन्‍न अवसरों पर जनसमूह गा सके);

ii.    सरकारी या सार्वजनिक कार्यक्रम में राष्‍ट्रपति के आगमन के अवसर पर (परंतु औपचारिक राज्‍य कार्यक्रमों और सामूहिक कार्यक्रमों के अलावा) और इन कार्यक्रमों से उनके विदा होने के तत्‍काल पहले।

2.    राष्‍ट्र गान को गाने के सभी अवसरों पर सामूहिक गान के साथ इसके पूर्ण संस्‍करण का उच्‍चारण किया जाएगा।

3.    राष्‍ट्र गान उन अवसरों पर गाया जाए, जो पूरी तरह से समारोह के रूप में न हो, तथापि इनका कुछ महत्‍व हो, जिसमें मंत्रियों आदि की उपस्थिति शामिल है। इन अवसरों पर राष्‍ट्र गान को गाने के साथ (संगीत वाद्यों के साथ या इनके बिना) सामूहिक रूप से गायन वांछित होता है।

4.    यह संभव नहीं है कि अवसरों की कोई एक सूची दी जाए, जिन अवसरों पर राष्‍ट्र गान को गाना (बजाने से अलग) गाने की अनुमति दी जा सकती है। परन्‍तु सामूहिक गान के साथ राष्‍ट्र गान को गाने पर तब तक कोई आपत्ति नहीं है जब तक इसे मातृ भूमि को सलामी देते हुए आदर के साथ गाया जाए और इसकी उचित ग‍रिमा को बनाए रखा जाए।

5.    विद्यालयों में, दिन के कार्यों में राष्‍ट्र गान को सामूहिक रूप से गा कर आरंभ किया जा सकता है। विद्यालय के प्राधिकारियों को राष्‍ट्र गान के गायन को लोकप्रिय बनाने के लिए अपने कार्यक्रमों में पर्याप्‍त प्रावधान करने चाहिए तथा उन्‍हें छात्रों के बीच राष्‍ट्रीय ध्‍वज के प्रति सम्‍मान की भावना को प्रोत्‍साहन देना चाहिए।




सामान्‍य


1.    जब राष्‍ट्र गान गाया या बजाया जाता है तो श्रोताओं को सावधान की मुद्रा में खड़े रहना चाहिए। यद्यपि जब किसी चल चित्र के भाग के रूप में राष्‍ट्र गान को किसी समाचार की गतिविधि या संक्षिप्‍त चलचित्र के दौरान बजाया जाए तो श्रोताओं से अपेक्षित नहीं है कि वे खड़े हो जाएं, क्‍योंकि उनके खड़े होने से फिल्‍म के प्रदर्शन में बाधा आएगी और एक असंतुलन और भ्रम पैदा होगा तथा राष्‍ट्र गान की गरिमा में वृद्धि नहीं होगी।

2.    जैसा कि राष्‍ट्र ध्‍वज को फहराने के मामले में होता है, यह लोगों की अच्‍छी भावना के लिए छोड दिया गया है कि वे राष्‍ट्र गान को गाते या बजाते समय किसी अनुचित गतिविधि में संलग्‍न नहीं हों।




ब्रह्माण्ड के खुलते रहस्य (1) (पृथ्वी -केन्द्रित दृष्टि से मुक्ति)

(साप्ताहिक स्तम्भ)



 ब्रह्माण्ड के खुलते रहस्य (1) 
(पृथ्वी -केन्द्रित दृष्टि से मुक्ति)
विश्वमोहन तिवारी, पूर्व एयर वाइस मार्शल



विश्व का, कहना चाहिये ब्रह्माण्ड का, सर्वप्रथम तथा सबसे बड़ा आश्चर्य, निस्संदेह स्वयं ब्रह्माण्ड का जन्म है। ब्रह्माण्ड का अन्त चाहे विस्फोट में हो या टाँय टाँय फिस्स में हो उसका जन्म एक विस्फोट से हुआ है। विस्फोट के पूर्व समस्त ब्रह्माण्ड एक बिन्दु में समाया था। वह बिन्दु अकल्पनीय रूप से छोटा था, और ब्रह्माण्ड अकल्पनीय रूप से विराट  है। क्या इससे बड़ा आश्चर्य कुछ हो भी सकता है कि उस सूक्ष्मतम बिन्दु से इस विराटतम ब्रह्माण्ड का जन्म हुआ है। बिन्दु और उसकी विराटता की कल्पना असंभव ही कहलाएगी किन्तु खगोल वैज्ञानिकों ने उस सब की गणना कर ली है।गणित तो अकल्पनीय को भी अंकों में सीमित कर दे या बाँध दे, अकथनीय को कह दे।



13.7 अरब प्रकाश–वर्षों ( 130 लाख करोड़ अरब किमी गहरे (एक प्रकाश–वर्ष में 9.5 लाख करोड़ किमी होते हैं)) गहरे इस ब्रह्माण्ड के गूढ़तम रहस्यों को क्या यह मात्र तेरह सौ घन से. मी. के आयतन वाला हमारा मन मस्तिष्क खोल सकता है? तब भी मानव ने आदि काल से इन रहस्यों को खोलने का प्रयत्न किया है चाहे उसमें यूनानियों का यह विश्वास हो कि आकाशीय गोल तारे वे छिद्र हैं जिनमें से हमें सृष्टि रचना की जलती आग दिखाई देती है, या भारतीय ऋषियों का विश्वास कि आकाशीय पिंड विभिन्न लोक हैं जहाँ की यात्राएँ की जा सकती हैं। खगोल के नक्षत्रों की कुछ जानकारी, जिसे ज्योतिष ज्ञान कहते हैं, हजारों वर्ष पहिले आदमी ने अवलोकन से प्राप्त कर ली थी जिन्हे उसने 27 नक्षत्र मण्डलों में बाँटा तथा जिसका उपयोग उसने फलित ज्योतिष के लिये किया। नक्षत्रों वाला ज्योतिष ज्ञान विज्ञान है किन्तु ‘फलित ज्योतिष’ विज्ञान नहीं है। तारे छिद्र तो नहीं हैं किन्तु उनमें सृष्टि रचना की आग अवश्य जलती है जिसके अध्ययन के द्वारा हम सृष्टि के रहस्य खोल सकते हैं। और अन्तरिक्ष विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी का सबसे मनोहर स्वप्न है अन्तरिक्ष यात्रा।




इन धू धू कर जलते हुए पिण्डों के रहस्य खोलने के लिये अपार धन तथा ऊर्जा खर्च करने में क्या रखा है, जबकि इस सुनील ग्रह की शस्य श्यामला हरित भूमि पर गरीबी का श्राप मानव जाति को दुखी कर रहा है? और वास्तविकता यह है कि ज्यों ज्यों ब्रह्माण्ड के रहस्य खोले गए हैं, मानव ने प्रकृति के नियमों को खोजा है तथा विज्ञान एवं औद्योगिक प्रगति बढ़ती गई है। सोलहवीं शती में कोपर्निकस की खोज (आगे देखें) के बाद ही पश्चिम ने बाइबिल के स्वर्ग का मोह छोड़कर इस जीवन को समुन्नत करना प्रारम्भ किया।



मानव मन स्वयं अत्यन्त रहस्यमय है, और वह स्वयं ही रहस्य खोलने के लिये सदा सहज ही तत्पर रहता है, चाहे वे रहस्य जासूसी उपन्यासों के हों, या ब्रह्माण्ड के। मन तथा ब्रह्माण्ड के रहस्यों को खोलने में प्रबुद्ध तथा रचनाशील व्यक्ति हजारों वर्षों से लगे हुए हैं क्योंकि इन रहस्यों को खोलना हमारे लिये सबसे बड़ी चुनौती है तथा सर्वाधिक आनन्ददायक तथा लाभदायक भी है। ऋषियों तथा चिन्तकों ने ब्रह्माण्ड के रहस्यों को खोलने में अपनी अन्तर्दृष्टि या रचनाशीलता का उपयोग कर अद्भुत मिथक दिये हैं। हो सकता है उनमें विज्ञान हो जिसे सिद्ध करना शेष है, किन्तु उन मिथकों के अद्भुत अर्थ निकलते हैं जो मानव–मन की जानकारी अधिक देते हैं, ब्रह्माण्ड की कम।



पाँचवीं से सत्रहवीं शती तक
पहिले मनुष्य यही मानते थे कि पृथ्वी स्थिर है, केन्द्र में है तथा सूर्य सहित अंतरिक्ष के सभी नक्षत्र उसकी परिक्रमा करते हैं, यही आँखों देखा हाल निर्विवादित सत्य लगता था। ईसा की पाँचवीं शती में विश्व में ब्रह्माण्ड का एक रहस्य सर्वप्रथम भारत में खोजा गया। उस समय बिना किसी दूरदर्शी की सहायता के आर्यभट ने सौर मंडल का उस काल के लिए एक अत्यन्त अविश्वसनीय किन्तु अत्यंत महत्वपूर्ण वैज्ञानिक रहस्य खोला था। और आश्चर्यजनक था कि कैसे, किन गणनाओं का विवेचन कर यह् अद्भुत खोज की गई थी !! भारत में भी वैज्ञानिकों ने इस पर बहुत वाद-विवाद किये। तथा जिसे स्वीकार करने में शेष मानव जाति को एक हजार वर्ष और लगे, – कि सौरमंडल में सूर्य स्थिर है तथा पृथ्वी अपने अक्ष पर प्रचक्रण करती हुई सूर्य की परिक्रमा करती है; कि ग्रहण छाया पड़ने के कारण पड़ते हैं न कि राक्षसों के कारण। इसे सोलहवीं शती में स्वतंत्र रूप से कोपरनिकस ने पाश्चात्य जगत में स्थापित किया। बारहवीं शती में भास्कराचार्य ने गुरुत्वाकर्षण के तीनों नियम खोज निकाले थे, किन्तु इन्हें वैज्ञानिक पद्धति से सिद्ध नहीं किया था। यह् कुछ उसी तरह था जैसे पाइथागोर का प्रमेय युक्लिड के पहले पाइथागोर को ज्ञात था, और उनके भी पहले शुल्व सूत्र नाम से भारतीय ऋषियों को ज्ञात था, किन्तु प्रमाण तो यूक्लिड ने ही दिया था। इसके साथ भारत में की गई अन्य वैज्ञानिक एवं प्रौद्योगिकी खोजों तथा आविष्कारों से यह प्रमाणित होता है कि यह आध्यात्मिक भारत बारहवीं शती तक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा आर्थिक समृद्धि में विश्व में सर्वाग्रणी था। गति के नियमों को सत्रहवीं शती में स्वतंत्र रूप से न्यूटन ने वैज्ञानिक रूप से स्थापित किया। और देखा जाए तो इन वैज्ञानिक तथ्यों की स्वीकृति के बाद ही पाश्चात्य संसार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विकास का ‘बिग बैंग’ (महाविस्फोट) हुआ।




दूरदर्शी
सत्रहवीं शती के दूरदर्शी के आविष्कार तक, पाश्चात्य जगत सौरमंडल को ही समस्त ब्रह्माण्ड मानता था, 1609 में गालिलेओ ने छोटे से दूरदर्शी की सहायता से बृहस्पति ग्रह के चार चाँद देखे तो मानो दूरदर्शी में ही चार चाँद लग गये। और तब से विशाल से विशालतर दूरदर्शी बने जिनसे हम अब लगभग दस अरब प्रकाश–वर्ष (95 लाख करोड़ अरब किमी.) की दूरी तक के नक्षत्रों, मन्दाकिनियों तथा नीहारिकाओं को देख सकते हैं। फिर हजारों मीटरों तक के क्षेत्र में फैले रेडियो दूरदर्शी बनाए गये और अब तो भारतीय मूल के नोबैल पुरस्कृत खगोलज्ञ एस. चन्द्रशेखर के सम्मान में निर्मित उपग्रह स्थित ‘चन्द्र एक्स–किरण’ वेधशाला है जो पृथ्वी के वायुमंडल के पार से ब्रह्माण्ड के रहस्यों को खोल रही है।गुरुत्वाकर्षण तरंगों पर तथा शून्य (निश्चल अवस्था में) या अल्पतम द्रव्यमान तथा आवेशरहित न्यूट्रिनो कणों पर खोज हो रही है।




मजे की बात है कि दूरदर्शी या अन्य उपकरण या वैज्ञानिक कुछ रहस्यों को खोलते हैं तो कुछ नवीन रहस्यों को उत्पन्न भी करते हैं। जब ब्रह्माण्ड में पिण्ड दिखे तो प्रश्न आया कि ये अतिविशाल जलते हुए पिण्डों का निर्माण किस तरह हुआ, मन्दाकिनियों, मन्दाकिनी–गुच्छों, फिर मन्दाकिनी–मण्डलों और फिर मन्दाकिनी–चादरों का निर्माण कैसे होता है? ब्रह्माण्ड का उद्भव तथा विकास कैसे हुआ?


क्रमशः 




Comments system

Disqus Shortname